Saturday, October 10, 2026
Saturday, October 10, 2026
Home खेलभारत को हरा भी दे वेस्टइंडीज, फिर भी नहीं मिलेगा 2027 वर्ल्ड कप का सीधा टिकट, क्वालिफायर का रास्ता तय

भारत को हरा भी दे वेस्टइंडीज, फिर भी नहीं मिलेगा 2027 वर्ल्ड कप का सीधा टिकट, क्वालिफायर का रास्ता तय

by Sagar Sharma
0 comments

डिजिटल डेस्क: दो बार की वनडे विश्व कप चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए 2027 विश्व कप में पहुंचने की राह एक बार फिर मुश्किल हो गई है। कैरेबियाई टीम टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई करने की दौड़ से बाहर हो चुकी है। अब उसे मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर मुकाबलों में उतरना होगा।

वेस्टइंडीज की बची हुई उम्मीदें उस समय खत्म हो गईं, जब अफगानिस्तान ने आयरलैंड को दूसरे वनडे में 92 रन से मात दे दी। शुक्रवार, 7 अगस्त को ब्रीडी क्रिकेट क्लब में बारिश से प्रभावित मुकाबले में अफगानिस्तान की जीत के साथ ही उसने 2027 वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, इस नतीजे ने वेस्टइंडीज की सीधे क्वालिफाई करने की संभावनाओं को समाप्त कर दिया।

फिर क्वालिफायर के भरोसे वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज के लिए यह स्थिति नई नहीं है। टीम 2019 और 2023 विश्व कप के लिए भी सीधे क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। 2019 में उसने क्वालिफायर के जरिए मुख्य टूर्नामेंट में जगह बना ली थी, लेकिन 2023 में क्वालिफायर में हार के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब दो बार की विश्व कप विजेता टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

अब 2027 के लिए भी कैरेबियाई टीम को इसी रास्ते से गुजरना होगा। 2027 विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे प्रवेश मिल चुका है, जबकि बाकी टीमों में से सात का चयन 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के आधार पर होगा।

भारत के खिलाफ जीत भी नहीं बदलेगी समीकरण

वेस्टइंडीज फिलहाल वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। अफगानिस्तान आठवें और बांग्लादेश नौवें नंबर पर हैं। जिम्बाब्वे मेजबान होने के कारण पहले ही क्वालिफाई कर चुका है। ऐसे में वेस्टइंडीज के पास शीर्ष नौ में पहुंचने का कोई रास्ता नहीं बचा है।वेस्टइंडीज को सितंबर-अक्टूबर में भारत के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलने हैं। शुरुआती दो मुकाबले 27 और 30 सितंबर को होने हैं। लेकिन इन मैचों में भारत को हराने के बावजूद वेस्टइंडीज सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाएगी।

आयरलैंड की उम्मीदें भी खत्म

अफगानिस्तान से हार के बाद आयरलैंड भी सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ से बाहर हो गया है। टीम को सीधे प्रवेश के लिए सीरीज में 5-0 से जीत जरूरी थी, लेकिन पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और दूसरे मुकाबले में उसे 92 रन से हार मिली। अब वेस्टइंडीज और आयरलैंड दोनों को विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर खेलना होगा।

Author

You may also like