Thursday, October 8, 2026
Thursday, October 8, 2026
Home जॉब्सIIT ISM Placement: तीन छात्रों को मिला 1.59 करोड़ का पैकेज, 1153 विद्यार्थियों को नौकरी का ऑफर

IIT ISM Placement: तीन छात्रों को मिला 1.59 करोड़ का पैकेज, 1153 विद्यार्थियों को नौकरी का ऑफर

by Sagar Sharma
0 comments

धनबाद: आईआईटी आईएसएम धनबाद के 2026 बैच के छात्रों के लिए कैंपस प्लेसमेंट शानदार रहा। संस्थान में प्लेसमेंट के दौरान चार विद्यार्थियों को सालाना एक करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज मिला। इनमें तीन छात्रों को 1.59 करोड़ रुपये और एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये का सालाना पे पैकेज ऑफर किया गया है। 1.59 करोड़ रुपये के पैकेज की पेशकश अमेजन जापान की ओर से किए जाने की चर्चा है। हालांकि, संस्थान ने छात्रों के नाम, ब्रांच और कंपनियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

अब तक का सबसे बड़ा पैकेज

आईआईटी आईएसएम धनबाद के मुताबिक, 1.59 करोड़ रुपये का पैकेज संस्थान के अब तक के सर्वाधिक पे पैकेज में शामिल है। कोर्स के हिसाब से देखें तो डुअल डिग्री यानी बीटेक प्लस एमटेक के छात्रों को औसतन सबसे ज्यादा 31.07 लाख रुपये का सालाना सीटीसी मिला।

वहीं, एमएससी छात्रों का औसत पैकेज सबसे कम 9.16 लाख रुपये रहा। इसके बावजूद संस्थान के कई अन्य कोर्स के विद्यार्थियों को भी देश-विदेश की कंपनियों से अच्छे ऑफर मिले हैं।

1153 छात्रों को मिला नौकरी का ऑफर

कैरियर डेवलपमेंट सेंटर की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 2025-26 सत्र में कुल 1153 विद्यार्थियों को जॉब ऑफर प्राप्त हुआ। इनमें 214 छात्रों को पहले ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुका था। छह विद्यार्थियों को विदेशी कंपनियों से इंटरनेशनल जॉब ऑफर मिला, जबकि 67 छात्रों का चयन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में हुआ।

देश की विभिन्न कंपनियों ने कुल 1016 विद्यार्थियों को रोजगार का ऑफर दिया। प्लेसमेंट प्रक्रिया में 350 से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया।

किस पैकेज पर कितने छात्रों का चयन?

आंकड़ों के मुताबिक, 275 से अधिक छात्रों को 20 लाख रुपये से ज्यादा के पैकेज मिले। वहीं 422 विद्यार्थियों को 10 से 20 लाख रुपये के बीच का ऑफर मिला। 338 छात्रों को 6 से 10 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी मिली।

कोर्सवार प्लेसमेंट की बात करें तो डुअल डिग्री और डबल मेजर बीटेक-प्लस-एमटेक में प्लेसमेंट दर 100 फीसदी रही। एमबीए में यह आंकड़ा 93.44 फीसदी, इंटीग्रेटेड एमटेक में 80.26 फीसदी और एमटेक में 57.02 फीसदी रहा। कुल मिलाकर संस्थान के 72.97 फीसदी छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट हुआ।

Author

You may also like