Sunday, August 9, 2026
Sunday, August 9, 2026
Home राजनीतिपप्पू यादव का बड़ा आरोप: दिल्ली आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घुसा युवक, सांसद बोले- चाकू लेकर आया था हमला करने

पप्पू यादव का बड़ा आरोप: दिल्ली आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घुसा युवक, सांसद बोले- चाकू लेकर आया था हमला करने

by Sagar Sharma
0 comments

नई दिल्ली: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम के बीच एक व्यक्ति के विरोध जताने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सांसद ने आरोप लगाया कि युवक उन्हें चाकू से मारने की नीयत से आया था और यह उनकी हत्या की साजिश का हिस्सा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने पप्पू यादव के हालिया बयानों पर सवाल उठाया। जवाबी बहस के बीच उसने कथित तौर पर सांसद की ओर कोई वस्तु फेंकी, जिसके बाद वहां मौजूद समर्थक सक्रिय हो गए। समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए उसे भीड़ से बाहर निकाला।घटना के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उनके घर में घुसकर उन पर हमला करने की कोशिश की गई। उनका दावा है कि आरोपी के पास चाकू था और वह जान लेने के इरादे से आया था। उन्होंने कहा कि यदि वहां मौजूद लोग समय रहते बीच में नहीं आते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी इस संबंध में कई एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद धमकियों का सिलसिला नहीं रुका। उन्होंने साफ कहा कि वह इस घटना से डरने वाले नहीं हैं और अपनी बात पहले की तरह खुलकर रखते रहेंगे।दरअसल, यह प्रेस कॉन्फ्रेंस संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर किए गए उनके विरोध प्रदर्शन और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर दिए गए बयानों पर सफाई देने के लिए बुलाई गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके विरोध में सवाल उठाए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।उधर, वाराणसी में महंत बालक नाथ की शिकायत पर पप्पू यादव के खिलाफ सनातन, भगवा वस्त्र और साधु-संतों के कथित अपमान को लेकर मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। हालांकि, दिल्ली में हुई इस घटना पर समाचार लिखे जाने तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

You may also like