Sunday, August 9, 2026
Sunday, August 9, 2026
Home विदेशपाकिस्तान में ‘कॉकरोच पार्टी’ की एंट्री, युवाओं के नाम पर शुरू हुआ नया अभियान; भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को बनाया मुद्दा

पाकिस्तान में ‘कॉकरोच पार्टी’ की एंट्री, युवाओं के नाम पर शुरू हुआ नया अभियान; भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को बनाया मुद्दा

by Sagar Sharma
0 comments

पाकिस्तान में सोशल मीडिया के जरिए एक नया अभियान तेजी से चर्चा में है। ‘कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान’ नाम से सक्रिय यह समूह खुद को युवाओं की आवाज बताता है और दावा करता है कि उसका उद्देश्य देश में भ्रष्टाचार, खराब प्रशासन और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों के खिलाफ जनसमर्थन तैयार करना है। बताया जा रहा है कि यह पहल भारत में चर्चित रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अभियान से प्रेरित है।समूह के अनुसार उसका मुख्य फोकस पाकिस्तान में आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता स्थापित करना, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना, ऊर्जा संकट का समाधान ढूंढ़ना और पानी की कमी जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटना है। सोशल मीडिया पर इसका नारा है— “पाकिस्तान उसके लोगों का है, भ्रष्ट माफियाओं का नहीं।” संगठन का दावा है कि यह किसी राजनीतिक परिवार या प्रभावशाली वर्ग का नहीं, बल्कि आम नागरिकों और युवाओं का अभियान है।इंस्टाग्राम पर इस समूह के एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह अकाउंट मई में बनाया गया था और इसका संचालन कनाडा से किया जा रहा है। हाल ही में इसे वेरिफाइड भी किया गया है। इसके अलावा संगठन ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि वह भविष्य में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।अपने घोषणापत्र में समूह ने कहा है कि वह भ्रष्टाचार, परिवारवाद और विशेष वर्गों को लाभ पहुंचाने वाली व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएगा। इसके साथ ही रोजगार सृजन, पारदर्शी शासन, जवाबदेही, लोकतांत्रिक सुधार और शिक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।हालांकि सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय होने के बावजूद यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह अभियान वास्तविक जनसमर्थन जुटाकर राजनीतिक ताकत बन पाएगा या नहीं। विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी ऑनलाइन आंदोलन की सफलता अंततः जमीनी संगठन और जनता के भरोसे पर निर्भर करती है।इस बीच पाकिस्तान में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और राजनीतिक अस्थिरता के बीच ऐसे अभियानों को लोगों की नाराजगी का संकेत माना जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी का एक बयान भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने युवाओं और व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बड़े बदलावों के बिना देश की मौजूदा चुनौतियों का समाधान संभव नहीं है।

You may also like