एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने महिला टी20 एशिया कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में किया जाएगा। सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों की सबसे ज्यादा नजर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर रहेगी, जो 5 सितंबर को खेला जाएगा।
भारतीय महिला टीम को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के साथ रखा गया है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को उसका मुकाबला हांगकांग (चीन) से होगा और फिर 5 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से बहुप्रतीक्षित मैच खेला जाएगा।
वहीं, ग्रुप-बी में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका के साथ बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को जगह मिली है। श्रीलंकाई टीम अपने अभियान का आगाज 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगी। इसके बाद 2 सितंबर को इंडोनेशिया और 6 सितंबर को बांग्लादेश से उसका मुकाबला होगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम भारत के अलावा 1 सितंबर को थाईलैंड और 7 सितंबर को हांगकांग (चीन) के खिलाफ खेलेगी।
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर और दूसरा 11 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को आयोजित होगा।
महिला एशिया कप 2026 का उद्घाटन मैच 28 अगस्त को थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के बीच खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट के 15 मुकाबले, जिनमें दोनों सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं, एक ही मैदान पर आयोजित किए जाएंगे।
भारतीय महिला टीम इस बार भी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। टीम की नजर रिकॉर्ड को और मजबूत करते हुए एशिया कप में अपना दबदबा बरकरार रखने पर होगी।
