एक समय विश्व क्रिकेट की सबसे सफल टीमों में गिनी जाने वाली वेस्टइंडीज के सामने एक बार फिर आईसीसी वनडे विश्व कप में जगह बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है। 2023 विश्व कप में क्वालिफाई नहीं कर पाने के बाद अब 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए भी टीम का सीधे प्रवेश करना आसान नहीं दिख रहा है। मौजूदा स्थिति में कैरेबियाई टीम को सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ सकता है।
आईसीसी के नियमों के अनुसार 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में शीर्ष आठ स्थानों पर रहने वाली टीमें सीधे 2027 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। फिलहाल शे होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। कट-ऑफ तारीख से पहले उसके पास केवल दो ऐसे वनडे मुकाबले हैं, जिनका असर सीधे क्वालिफिकेशन पर पड़ेगा।
सितंबर में भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के लिए बेहद अहम रहने वाली है। हालांकि, 30 सितंबर की अंतिम तारीख से पहले सिर्फ पहले दो मुकाबलों के नतीजे ही रैंकिंग में शामिल होंगे। ऐसे में टीम को दोनों मैच जीतना लगभग अनिवार्य होगा। लेकिन सिर्फ जीत दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं होगा, क्योंकि उसकी किस्मत अन्य टीमों के प्रदर्शन से भी जुड़ी रहेगी।
वेस्टइंडीज की नजर आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच जारी वनडे सीरीज पर भी रहेगी। यदि आयरलैंड इस सीरीज में बड़ा अंतर बनाकर जीत हासिल करता है, तो वेस्टइंडीज के लिए शीर्ष आठ में पहुंचने की संभावना बनी रह सकती है। हालांकि, पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो चुका है, जिससे समीकरण और जटिल हो गए हैं।
यदि कैरेबियाई टीम निर्धारित समय तक टॉप-8 में जगह नहीं बना पाती है, तो उसे फरवरी-मार्च 2027 में होने वाले विश्व कप क्वालिफायर में उतरना पड़ेगा। इससे पहले भी 2023 विश्व कप से पहले वेस्टइंडीज क्वालिफायर पार नहीं कर पाई थी और इतिहास में पहली बार टूर्नामेंट से बाहर रह गई थी।
बता दें कि 2027 ICC ODI वर्ल्ड कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। इस बार प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी।
