हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम हॉलैंड की नई फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में ओपनिंग वीकेंड के मामले में ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने 360 मिलियन डॉलर की टिकट बिक्री दर्ज कर अब तक की सबसे बड़ी नॉर्थ अमेरिकन ओपनिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
फिल्म की कमाई सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही। रिलीज के पहले पांच दिनों में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने दुनियाभर में 927 मिलियन डॉलर यानी करीब 9,550 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस प्रदर्शन ने इसे साल की सबसे सफल फिल्मों में शामिल कर दिया है।
रिलीज से पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि फिल्म पहले वीकेंड में करीब 355 मिलियन डॉलर का कारोबार करेगी, जो ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ के 357 मिलियन डॉलर के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रहता। हालांकि रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ के चलते फिल्म ने अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया और आखिरकार 360 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
मार्वल फिल्मों की ओपनिंग की बात करें तो 2018 में ‘अवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर’ ने 257 मिलियन डॉलर और 2021 में रिलीज हुई ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ ने 260 मिलियन डॉलर की ओपनिंग हासिल की थी। अब ‘ब्रांड न्यू डे’ इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गई है।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म की रफ्तार बरकरार है। पांचवें दिन सोमवार को इसने 23.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 336.91 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 281.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
फिल्म ने भारत में भी कई नए मुकाम हासिल किए हैं। यह पहले सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो गई है। साथ ही 2026 में ‘धुरंधर 2’ के बाद पहले हफ्ते में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों में इसका नाम दर्ज हुआ है। इसके अलावा भारतीय बॉक्स ऑफिस इतिहास में पहले सप्ताह की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप-10 फिल्मों में भी इसने अपनी जगह बना ली है।
