तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के रिश्ते को लेकर एक सकारात्मक खबर सामने आई है। लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद के बीच संगीता ने चेन्गलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि दोनों के बीच सुलह का रास्ता खुल गया है और वर्षों पुराने रिश्ते को एक नया मौका मिला है।
पिछले कुछ महीनों से इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं। अब अदालत से याचिका वापस लेने के कदम ने इन अटकलों पर काफी हद तक विराम लगा दिया है। करीब 27 साल पुराने इस वैवाहिक रिश्ते को बचाने की खबर सामने आने के बाद विजय के समर्थकों और प्रशंसकों ने भी राहत जताई है।
गौरतलब है कि संगीता ने इसी वर्ष फरवरी में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया था कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ निजी संबंध था, जिसकी जानकारी उन्हें वर्ष 2021 में मिली। उनका कहना था कि इस मुद्दे को लेकर बातचीत के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने यह भी दावा किया था कि समय के साथ उन्हें विजय के सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से अलग-थलग कर दिया गया।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया था कि सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ तस्वीरों और खबरों के कारण उन्हें और उनके दोनों बच्चों को मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा उन्होंने आर्थिक सुविधाओं में कटौती और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर प्रतिबंध जैसे आरोप भी लगाए थे। संगीता का कहना था कि इन परिस्थितियों ने उनके वैवाहिक जीवन को गहरे संकट में डाल दिया था।
हालांकि अब तलाक की अर्जी वापस लेने के बाद माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए मतभेद कम हुए हैं। हालांकि इस मामले पर विजय या संगीता की ओर से कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
संगीता सोरनालिंगम मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल परिवार से संबंध रखती हैं और उनका पालन-पोषण यूनाइटेड किंगडम में हुआ। वर्ष 1999 में उन्होंने विजय से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं—जेसन संजय और दिव्या साशा। दिलचस्प बात यह है कि संगीता पहले विजय की प्रशंसक थीं और एक मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई, जो अंततः विवाह तक पहुंची।
