भारत सरकार ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2025 के तहत अर्जुन अवॉर्ड के लिए 17 खिलाड़ियों के नामों का ऐलान किया है. इस सूची में शतरंज की युवा स्टार दिव्या देशमुख, ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती, डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद जैसे बड़े नाम शामिल हैं. अलग-अलग खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया जाएगा. वहीं, इस बार देश के सबसे बड़े खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी खिलाड़ी का नाम घोषित नहीं किया गया है. इसके अलावा एक दिग्गज फुटबॉलर को लाइफटाइम अचीवमेंट अर्जुन अवॉर्ड भी दिया जाएगा.
तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख ने रचा इतिहास
तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीता. वह कॉमनवेल्थ गेम्स के डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने. उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयन में अहम माना गया है.
शतरंज में दिव्या देशमुख ने भी देश को गौरवान्वित किया. भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर दिव्या ने जॉर्जिया के बटुमी में आयोजित FIDE महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता था. उनकी इस उपलब्धि के बाद उनका नाम अर्जुन अवॉर्ड की सूची में शामिल किया गया है.
इन खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड
अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों में एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं. बैडमिंटन से पुलेला गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली को चुना गया है. शतरंज में दिव्या जीतेन्द्र देशमुख और विदित संतोष गुजराती को सम्मान मिलेगा.
बॉक्सिंग से नरेन्द्र, शूटिंग से अखिल श्योराण और डेफ शूटिंग से धनुष श्रीकांत को अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा. हॉकी में लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा को चुना गया है. पैरा-शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा-एथलेटिक्स में एकता भयान और रोइंग में अरविंद सिंह का नाम शामिल है.
आई अरुमैनायगम को लाइफटाइम अर्जुन
1962 के एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य रहे आई अरुमैनायगम को लाइफटाइम अचीवमेंट अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा. भारतीय खेलों में उनके लंबे योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया है.
वहीं, एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुना गया है. बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. हालांकि, इस बार खेल रत्न के लिए किसी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं हुई है.
