जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. रिजिजू ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि इतने बड़े प्रदर्शन के बावजूद किसी की जान नहीं गई और कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. उन्होंने पुलिस के इस तरह प्रदर्शन संभालने की तारीफ भी की. वहीं, राहुल गांधी ने रिजिजू के बयान पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों को चोटें आईं और पुलिस ने बल प्रयोग किया. राहुल ने सरकार पर छात्रों की चोटों और कथित बर्बर कार्रवाई को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है.
रिजिजू ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का किया बचाव
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक इंटरव्यू में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए दिल्ली पुलिस के रवैये का बचाव किया. उनका कहना था कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और कुछ असामाजिक तत्व भी प्रदर्शनकारियों के बीच शामिल हो गए थे.
रिजिजू के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान किसी की मौत नहीं हुई और न ही किसी प्रदर्शनकारी को ऐसी गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़े. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को तब रोका गया, जब वे संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे.
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हुए कई आंदोलनों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी. उनके मुताबिक, मौजूदा मामले में पुलिस ने बड़े प्रदर्शन को बिना किसी जान जाने के नियंत्रित किया, इसलिए उसकी तारीफ की जानी चाहिए.
राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप
रिजिजू के बयान के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार पर हमला बोला. राहुल गांधी ने दावा किया कि संसद से कुछ दूरी पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन और कथित तौर पर कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कुछ छात्र घायल हुए और एक बच्चे की आंख तथा एक बच्ची के कान को नुकसान पहुंचा. राहुल गांधी ने कहा कि वह खुद घायल छात्रों से मिले हैं और प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं.
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि ऐसी कार्रवाई को उपलब्धि कैसे माना जा सकता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी छात्र प्रदर्शनों को लेकर पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं देने का आरोप लगाया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार पहले बच्चों पर कार्रवाई करती है और बाद में घटना से जुड़े नुकसान को नकार देती है. इस पूरे विवाद के बीच छात्र प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई और नेताओं के बयानों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
