Wednesday, October 28, 2026
Wednesday, October 28, 2026
Home विदेशOpenAI के दफ्तर में मिला खुफिया रिकॉर्डिंग डिवाइस, सऊदी इंजीनियर पर गोपनीय बैठकों की जासूसी का आरोप

OpenAI के दफ्तर में मिला खुफिया रिकॉर्डिंग डिवाइस, सऊदी इंजीनियर पर गोपनीय बैठकों की जासूसी का आरोप

by Sagar Sharma
0 comments

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने सऊदी अरब के नागरिक और OpenAI के पूर्व इंजीनियर अब्दुलरहमान अलफोजान को कंपनी के सैन फ्रांसिस्को स्थित कार्यालय में कथित तौर पर गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के मामले में गिरफ्तार किया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यह उपकरण कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारियों के कॉन्फ्रेंस रूम में मिला था, जहां तकनीकी विकास, कारोबारी योजनाओं और अन्य संवेदनशील विषयों पर बैठकें होती थीं। आरोपी पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के जरिए बातचीत को गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, आरोप साबित होना अभी बाकी है।

टीवी के पीछे छिपाकर लगाया गया था उपकरण

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, OpenAI के कर्मचारियों को 30 सितंबर 2026 को सैन फ्रांसिस्को स्थित कार्यालय के एक कार्यकारी कॉन्फ्रेंस रूम में संदिग्ध रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला। यह उपकरण कमरे में लगे टेलीविजन के पीछे यूएसबी पोर्ट में लगाया गया था और उसे टॉयलेट पेपर में छिपाया गया था।

जांचकर्ताओं के अनुसार, डिवाइस को लगभग 28 सितंबर को लगाया गया था। इसमें डिजिटल माइक्रोफोन, कैमरा जोड़ने की क्षमता और डेटा स्टोर करने की व्यवस्था थी। डिवाइस में मौजूद जानकारी एन्क्रिप्टेड थी, यानी उसे सुरक्षित कोड के जरिए संरक्षित किया गया था।

जिस कमरे में यह उपकरण मिला, उसका इस्तेमाल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी करते थे। यहां तकनीकी अनुसंधान, उत्पाद योजनाओं, कारोबारी रणनीतियों और बाहरी साझेदारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती थी। इसी वजह से इस घटना को कंपनी की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया।

जांच में सामने आया दूसरा रिकॉर्डिंग डिवाइस

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी पड़ताल की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी कई मौकों पर उस कॉन्फ्रेंस रूम के आसपास दिखाई दिया, जबकि उसे वहां होने वाली बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।जांच से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, 5 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर दोबारा उस कमरे में गया और टेलीविजन के पीछे देखने की कोशिश करता दिखाई दिया। इसी दौरान कंपनी के सुरक्षा कर्मचारियों को एक दूसरे कमरे में लावारिस छोड़े गए उसके बैग में भी पहले डिवाइस जैसा एक अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण मिला।

अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने कंपनी के आंतरिक उत्पादकता टूल के जरिए कार्यालयों, मीटिंग रूम और बैठकों के कार्यक्रम से संबंधित जानकारी हासिल करने की कोशिश की थी। इन दावों की जांच जारी है।

OpenAI ने अपने एआई टूल की मदद से की जांच

इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि OpenAI ने संदिग्ध उपकरण की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए अपने आंतरिक एआई मॉडल का इस्तेमाल किया। कंपनी के मुताबिक, इन टूल की मदद से यह समझने में सहायता मिली कि उपकरण किस प्रकार का था और उसे किस कर्मचारी ने लगाया हो सकता है।

इसके बाद कंपनी ने मामले की जानकारी एफबीआई को दी। आरोपी कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया गया और अमेरिकी एजेंसी ने जांच शुरू की। OpenAI ने यह भी कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है कि आरोपी ने कंपनी के मॉडल वेट्स, सोर्स कोड या ग्राहकों के डेटा तक अनुचित पहुंच बनाई अथवा उन्हें बाहर भेजा हो।

आरोपी पर गंभीर आरोप, जांच जारी

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अब्दुलरहमान अलफोजान की उम्र 35 वर्ष है और वह जुलाई 2025 से OpenAI में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। उसे 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और 13 अक्टूबर को संघीय अदालत में पेश किया गया।

यदि आरोप साबित होते हैं, तो उसे अधिकतम पांच वर्ष की जेल, ढाई लाख डॉलर का जुर्माना और तीन वर्ष तक निगरानी में रिहा रहने की सजा हो सकती है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और अदालत में आरोपों की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Author

You may also like