Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home देशकांग्रेस CWC बैठक: ‘वंदे मातरम’ से लेकर जाति जनगणना और डिलिमिटेशन तक, कई मुद्दों पर बनी रणनीति

कांग्रेस CWC बैठक: ‘वंदे मातरम’ से लेकर जाति जनगणना और डिलिमिटेशन तक, कई मुद्दों पर बनी रणनीति

by Sagar Sharma
0 comments

दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक हुई, जिसमें पार्टी ने कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में ‘वंदे मातरम’ के मूल स्वरूप, राम मंदिर चढ़ावे की चोरी, पेपर लीक, छात्रों के विरोध, जाति जनगणना, परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे विषयों पर कांग्रेस ने अपना रुख साफ किया. कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ को लेकर पार्टी की स्थिति स्पष्ट है और 1937 में तय किए गए मूल दो अंतरे ही गाए जाएंगे. बैठक में केंद्र सरकार को घेरने और आने वाले दिनों में जमीनी स्तर पर आंदोलन तेज करने की रणनीति भी बनाई गई.

‘वंदे मातरम’ पर कांग्रेस ने साफ किया अपना रुख

CWC बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस में पहले से यह परंपरा रही है कि 1937 में तय किए गए गीत के दो पद ही गाए जाते हैं. उन्होंने 15 अगस्त को हुई स्थिति को संवाद की कमी बताया और कहा कि पार्टी का रुख पहले से स्पष्ट है.

वेणुगोपाल के मुताबिक बैठक में CWC के सदस्यों के अलावा स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्य तथा चार मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. कुल 88 से अधिक लोगों की मौजूदगी रही, जबकि 33 सदस्यों ने चर्चा में हिस्सा लिया.

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर देशभर में प्रदर्शन

बैठक में कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को इस मामले पर देशभर में प्रदर्शन करने का निर्देश दिया है. कांग्रेस का कहना है कि धार्मिक मुद्दों के जरिए समाज को बांटने की कोशिशों को जनता के सामने लाया जाएगा.

पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई. कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ नाम से 800 शहरों और कस्बों में कार्यक्रम करने की योजना बताई है. राहुल गांधी भी इनमें कुछ कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं. पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया है.

खरगे के अपमान पर पीएम मोदी से माफी की मांग

कांग्रेस ने हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े विवाद पर भी चर्चा की. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने खरगे के इस्तेमाल किए गए मंच को शुद्ध किया. कांग्रेस ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की है.

जाति जनगणना में OBC कॉलम की मांग

कांग्रेस ने जाति जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम रखने की मांग दोहराई. वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिख चुकी है और तेलंगाना व बिहार के मॉडल का हवाला दिया है.

डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण पर भी रुख साफ

जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस परिसीमन के मामले में सीटों की मौजूदा संख्या को बनाए रखने के पक्ष में है. उनका कहना है कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की 543 सीटों की संख्या बरकरार रखते हुए महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण दिया जाना चाहिए. कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में चीन से जुड़े मुद्दे और संसद में विपक्ष की रणनीति पर भी चर्चा की.

Author

You may also like