Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home धर्म-एस्ट्रोBihar Temple Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, छह श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

Bihar Temple Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, छह श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

by Sagar Sharma
0 comments

लखीसराय: बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बनने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

भारी भीड़ के बीच बिगड़े हालात

बताया जा रहा है कि सावन सोमवार के अवसर पर अशोकधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। घायलों को भीड़ से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

एसडीपीओ ने छह मौतों की पुष्टि की

घटना को लेकर एसडीपीओ शिवम कुमार ने छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर किन परिस्थितियों में भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

दो ट्रेनों के ठहराव से बढ़ी भीड़

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने घटना को लेकर बताया कि प्रशासनिक टीम सुबह करीब 4:30 बजे से ही मंदिर परिसर में मौजूद थी। उनके अनुसार, श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ के बीच करीब 6:30 से 6:45 बजे के दौरान दो ट्रेनों के ठहराव के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई।

डीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से पहले से ही पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में पुलिस बल के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा एंबुलेंस, टोटो एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।

बैरिकेडिंग टूटने के बाद बिगड़ी स्थिति

डीएम के मुताबिक, करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। इसी दौरान एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई। बैरिकेडिंग टूटने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ अनियंत्रित हो गई और कुछ लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इसी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। कई घायल श्रद्धालुओं का अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

घटना की जांच जारी

अशोकधाम मंदिर में हुए हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से भीड़ के दबाव, बैरिकेडिंग टूटने और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच भी जारी है।

Author

You may also like