मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले से पहले देशभर से चुनी गई 52 फाइनलिस्ट इन दिनों इंदौर के पास आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं। आगामी 23 अगस्त को जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले से पहले प्रतिभागियों को मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रोफेशनल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
करीब दस दिनों तक चलने वाले इस ग्रूमिंग कैंप का उद्देश्य प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मंचीय प्रस्तुति को बेहतर बनाना है। यहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ग्रूमिंग के साथ रनवे वॉक, डांस, कैमरा फेसिंग, व्यक्तित्व विकास और स्टेज प्रेजेंस जैसी महत्वपूर्ण बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
में सभी प्रतिभागियों को एक सामूहिक नृत्य प्रस्तुति भी देनी है। इसी वजह से उन्हें डांस की विशेष ट्रेनिंग कराई जा रही है ताकि मंच पर उनका प्रदर्शन प्रभावशाली और संतुलित रहे। इसके अलावा प्रोफेशनल फोटोशूट, वीडियो रिकॉर्डिंग, फैशन प्रेजेंटेशन, ओपनिंग नंबर की रिहर्सल और कैमरे के सामने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत होने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।
प्रतिभागियों का मार्गदर्शन लेखक एवं शिक्षाविद् मिहिर मंकड़ कर रहे हैं। वहीं, मिस यूनिवर्स इंडिया के राष्ट्रीय निदेशक निखिल आनंद और समूह से जुड़े सर्वेश कश्यप का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को नई मजबूती देते हैं और उन्हें प्रतियोगिता के लिए मानसिक व पेशेवर रूप से तैयार करते हैं।
प्रतियोगिता में शामिल इंदौर की प्रतिभागी श्रेय बेड़िया ने बताया कि शिविर में हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर मिल रहा है। सुबह की शुरुआत योग और ध्यान से होती है, जिसके बाद पूरे दिन अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं। उनका मानना है कि यह अनुभव उनके आत्मविश्वास को लगातार बढ़ा रहा है।
वहीं, पुणे से आई प्रतिभागी आर्या मार्डिकर ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद सभी प्रतिभागियों के साथ सीखने और समय बिताने का अनुभव बेहद खास है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण माहौल उन्हें लगातार बेहतर बनने के लिए प्रेरित कर रहा है। अब सभी 52 फाइनलिस्ट की नजरें जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले और प्रतिष्ठित ताज पर टिकी हैं।
