Thursday, October 8, 2026
Thursday, October 8, 2026
Home देशपंचकूला में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, गहनों के विवाद में नौकरानी समेत तीन लोग गिरफ्तार

पंचकूला में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, गहनों के विवाद में नौकरानी समेत तीन लोग गिरफ्तार

by Sagar Sharma
0 comments

हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-21 में 70 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, घर से गायब हुए गहनों के बारे में पूछताछ करने पहुंची बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर उनकी घरेलू सहायिका, उसके पति और बेटे ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका अपने पति के साथ सेक्टर-21 स्थित घर में रहती थीं, जबकि उनके बच्चे विदेश में बसे हुए हैं। पिछले करीब दस वर्षों से सुनीता नाम की महिला उनके यहां घरेलू काम करती थी और केयरटेकर के रूप में उसी परिसर में अपने परिवार के साथ रहती थी। जांच में सामने आया कि घर से कुछ आभूषण गायब होने के बाद बुजुर्ग महिला सोमवार सुबह इस बारे में पूछताछ करने के लिए केयरटेकर के घर गई थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।

दोपहर में जब महिला के पति घर पहुंचे और पत्नी का कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नौकरानी के पति ने पड़ोसियों के सामने यह दावा किया कि उसकी पत्नी और बेटा भी लापता हैं। पुलिस के अनुसार, उसके व्यवहार पर संदेह होने के बाद सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक आरोपी कथित तौर पर टूट गया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें पड़ोसी मकान की छत पर टाइलों के नीचे छिपाया गया महिला का शव बरामद हुआ। आरोपी की निशानदेही पर नौकरानी और उसके बेटे को भी पास के एक अन्य मकान की छत से हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि घटना के बाद आरोपियों ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और कस्सी भी बरामद की है। आशंका जताई जा रही है कि शव को कहीं और ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस का कहना है कि गायब गहनों, हत्या के मकसद और तीनों आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मॉर्चरी में भेज दिया गया है।

Author

You may also like