मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा सलाह जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में रह रहे लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर तुरंत वहां से निकलने की तैयारी रखने को कहा है। साथ ही, इस इलाके की यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की सलाह भी दी गई है।अमेरिका का यह सुरक्षा अलर्ट ऐसे समय सामने आया है, जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही ईरान के खिलाफ नए और पहले से अधिक व्यापक सैन्य हमलों को मंजूरी दे सकते हैं। माना जा रहा है कि इन संभावित कार्रवाइयों का केंद्र ईरान का ऊर्जा ढांचा हो सकता है।विदेश मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि मध्य पूर्व के अलावा दुनिया के अन्य हिस्सों में भी अमेरिकी दूतावासों, सैन्य ठिकानों और नागरिकों पर खतरा बढ़ सकता है। मंत्रालय के अनुसार, ईरान और उससे जुड़े संगठन अमेरिका के हितों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।इससे पहले ईरान भी चेतावनी दे चुका है कि यदि कोई क्षेत्रीय देश अमेरिका का साथ देता है, तो उसे भी संघर्ष के गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ऐसे में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं और बढ़ गई हैं।अमेरिकी अधिकारियों ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे उड़ानों में संभावित रद्दीकरण, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा संबंधी अन्य बाधाओं के लिए पहले से तैयार रहें। हालात बिगड़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने या जल्द से जल्द क्षेत्र छोड़ने की योजना तैयार रखने को भी कहा गया है।बहरीन, इराक, इजराइल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद अमेरिकी दूतावासों ने भी यही सुरक्षा चेतावनी दोहराई है।इस बीच अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि व्हाइट हाउस में ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, खबरों के अनुसार प्रशासन के कुछ राजनीतिक सलाहकार इस योजना के पक्ष में नहीं हैं। वहीं कैबिनेट बैठक के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान पर बेहद कड़ा हमला किया जा सकता है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका का अलर्ट, नागरिकों से कहा- हालात बिगड़ें तो तुरंत निकलने के लिए रहें तैयार
8
