पटना: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। घटना रामकृष्ण नगर इलाके के ज्योतिष बाबा रोड की बताई जा रही है। यहां मोहल्ले में खड़े शुभम यादव नाम के युवक को बदमाशों ने गोली मार दी।
फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में सड़क पर कुछ लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शुभम पर हमला क्यों किया गया और इस वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। घटना को लेकर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
