Thursday, October 8, 2026
Thursday, October 8, 2026
Home होमकर्मा पूजा के विसर्जन में बड़ा हादसा: गंगा में डूबे 11 लोग, चार बचाए गए; एक की मौत, छह लापता

कर्मा पूजा के विसर्जन में बड़ा हादसा: गंगा में डूबे 11 लोग, चार बचाए गए; एक की मौत, छह लापता

by Sagar Sharma
0 comments

बिहार के पटना जिले में कर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ अनुमंडल के अलग-अलग इलाकों में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना सामने आई है। हादसों में चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं छह लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

मूर्ति विसर्जन के बाद गंगा में उतरे थे युवक

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जित करने के बाद कुछ युवक गंगा में उतर गए। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि दो युवक तेज धारा में बह गए।

लापता युवकों में 10 वर्षीय पीयूष कुमार और 15 वर्षीय सुजीत कुमार के नाम सामने आए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन को सूचना दी गई और तलाश अभियान शुरू किया गया।

अथमलगोला में भाई-बहन के डूबने की खबर

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर इलाके में भी कर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जित करने के दौरान हादसा हुआ। यहां एक भाई और उसकी बहन के गंगा में डूबने की सूचना है।

घटना के बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को तलाश अभियान में लगाया गया।

बख्तियारपुर में छह लोग पानी में गिरे

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर और देदौर इलाके में भी विसर्जन के दौरान छह लोगों के गंगा में डूबने की सूचना सामने आई। स्थानीय लोगों की मदद से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन अन्य तेज बहाव में बह गए।

तलाश अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है। वहीं गोलू कुमार और बलवीर कुमार की तलाश जारी है।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

कर्मा पूजा के बाद परिवार और ग्रामीण पारंपरिक तरीके से प्रतिमा विसर्जन के लिए गंगा घाट पहुंचे थे। लेकिन अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों के बाद कई परिवारों में मातम छा गया।प्रशासन की ओर से नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय गोताखोरों के अलावा एसडीआरएफ की टीम भी गंगा में खोजबीन कर रही है। हादसे के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

फिलहाल परिजनों की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं। छह लापता लोगों की तलाश जारी है और प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द उनका पता लगाया जा सके।

Author

You may also like