रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हो रही यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथा को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश करने के लिए चर्चा में है। अब फिल्म की विदेशी रिलीज को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
ऑस्ट्रेलिया में 5 नवंबर को पहुंचेगी फिल्म
‘रामायण: पार्ट 1’ की ऑस्ट्रेलिया में रिलीज डेट 5 नवंबर 2026 तय की गई है। यानी ऑस्ट्रेलियाई दर्शक फिल्म को भारत में रिलीज से कुछ दिन पहले बड़े पर्दे पर देख सकेंगे। ऑस्ट्रेलिया में फिल्म की रिलीज की जानकारी सामने आने के बाद इसकी इंटरनेशनल रिलीज को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
भारत में फिल्म की रिलीज 8 नवंबर 2026, यानी दिवाली के मौके पर तय बताई जा रही है। इस तरह ऑस्ट्रेलिया और भारत की रिलीज के बीच तीन दिनों का अंतर रहेगा।
गॉडजिला के साथ इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर आमना-सामना
‘रामायण’ की ऑस्ट्रेलिया रिलीज ऐसे समय पर हो रही है जब ‘Godzilla Minus Zero’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। दोनों फिल्मों की रिलीज को लेकर विदेशी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबले की चर्चा शुरू हो गई है।
‘Godzilla Minus Zero’ जापान में 3 नवंबर 2026 को रिलीज होगी, जबकि अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी रिलीज 4, 5 और 6 नवंबर को रखी गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए आधिकारिक रिलीज शेड्यूल में 5 नवंबर की तारीख दी गई है।
ऐसे में ऑस्ट्रेलिया में ‘रामायण’ और ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की रिलीज एक ही दिन होने से दर्शकों के सामने दो बड़े सिनेमाई विकल्प होंगे।
रणबीर बनेंगे भगवान राम, साई पल्लवी होंगी सीता
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज की जाएगी। पहले पार्ट को दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में लाने की तैयारी है, जबकि दूसरे पार्ट की रिलीज अगले साल दिवाली के आसपास होने की बात सामने आई है।
बड़े पर्दे पर दिखेगा रामायण का भव्य संसार
‘रामायण’ को सिर्फ एक पौराणिक फिल्म नहीं, बल्कि बड़े पैमाने के विजुअल सिनेमाई अनुभव के तौर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म में शानदार विजुअल इफेक्ट्स, भव्य सेट्स और दमदार एक्शन के साथ रामायण की कहानी को नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान और हंस जिमर जैसे दिग्गज संगीतकारों के पास है। ऐसे में कहानी, कलाकारों और तकनीकी स्तर के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं।
दिवाली पर बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा इम्तिहान
भारत में 8 नवंबर को रिलीज होने वाली ‘रामायण: पार्ट 1’ के लिए दिवाली का त्योहार बेहद अहम साबित हो सकता है। वहीं विदेशों में फिल्म की शुरुआती रिलीज उसे इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर पहले से दर्शकों तक पहुंचने का मौका देगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित ‘रामायण’ और जापानी मॉन्स्टर फ्रेंचाइजी की ‘Godzilla Minus Zero’ में से कौन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में ज्यादा कामयाब होती है। दोनों फिल्मों की अपनी अलग फैन फॉलोइंग है और इसी वजह से यह मुकाबला फिल्म प्रेमियों के लिए काफी दिलचस्प रहने वाला है।
