Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home विदेशअलास्का में घने कोहरे के बीच विमान क्रैश, 2 पायलट समेत 8 की मौत

अलास्का में घने कोहरे के बीच विमान क्रैश, 2 पायलट समेत 8 की मौत

by Sagar Sharma
0 comments

अमेरिका के अलास्का में शुक्रवार को एक दर्दनाक विमान हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा एक बेहद दूर-दराज के सैन्य एयरपोर्ट पर हुआ, जहां घने कोहरे के कारण पायलटों के लिए रनवे देखना मुश्किल हो गया था। विमान में दो पायलट और छह यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, प्लेन ने एयरपोर्ट पर उतरने की दूसरी कोशिश की, लेकिन खराब मौसम के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में मारे गए लोगों में अमेरिकी सेना के दो कर्मचारी भी शामिल थे। दुर्घटना की जांच के लिए नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। अब जांच में मौसम, लैंडिंग प्रक्रिया और विमान की आखिरी गतिविधियों पर ध्यान दिया जा रहा है।

दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश में हुआ हादसा

यह विमान एंकरेज से करीब 725 किलोमीटर पश्चिम में स्थित केप न्यूएनहैम लॉन्ग रेंज रडार साइट एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के मुताबिक, पायलट रनवे को साफ तौर पर नहीं देख पा रहे थे और उन्हें इंस्ट्रूमेंट्स के सहारे विमान को नीचे लाना पड़ा। इस एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान GPS समेत दूसरे नेविगेशन सिस्टम के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है।

हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। अमेरिकी सेना के दो कर्मचारी एक प्रोजेक्ट डिलीवरी टीम का हिस्सा थे, जो अमेरिकी वायुसेना के सहयोग से जुड़े एक प्रोजेक्ट के लिए साइट पर जा रही थी।

कोहरे ने अचानक कम कर दी विजिबिलिटी

हादसे के समय इलाके में मौसम तेजी से बदल रहा था। एक मौसम निगरानी केंद्र के अनुसार, दुर्घटना से कुछ मिनट पहले वहां कम ऊंचाई वाले बादल और कोहरा दर्ज किया गया था। उस समय विजिबिलिटी करीब 10 मील थी। लेकिन हादसे के लगभग 15 मिनट बाद यह घटकर एक-चौथाई मील से भी कम रह गई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पायलटों को लैंडिंग के दौरान कितनी खराब परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

यह एयरपोर्ट एक निजी सैन्य साइट है और पैसिफिक एयर फोर्सेस रीजनल सपोर्ट सेंटर के प्रबंधन में आता है। यह अलास्का के दूर-दराज के रडार स्टेशनों के नेटवर्क का हिस्सा है।

जांच में इन सवालों के मिलेंगे जवाब

NTSB के जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि हादसे से पहले पायलटों ने किसी तरह की इमरजेंसी घोषित की थी या नहीं। इसके अलावा यह भी जांचा जाएगा कि विमान कब और किस परिस्थिति में रडार या संपर्क से बाहर हुआ। अमेरिकी सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की के अनुसार, विमान एंकरेज की चार्टर कंपनी सिक्योरिटी एविएशन द्वारा संचालित किया जा रहा था।

अलास्का कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल रॉबर्ट डेविस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों को समर्पित पेशेवर बताया। उन्होंने कहा कि यह सैन्य समुदाय और संबंधित परिवारों के लिए बड़ा नुकसान है। जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आने की उम्मीद है।

Author

You may also like