भारत की प्रति व्यक्ति आय को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि भारत की सालाना प्रति व्यक्ति आय करीब 2,800 डॉलर है, जबकि बांग्लादेश की यह आय 2,900 डॉलर तक पहुंच गई है। केजरीवाल ने कहा कि 2014 में भारत इस मामले में बांग्लादेश से काफी आगे था, लेकिन अब तस्वीर बदल गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के आर्थिक प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश को दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने के दावों के बावजूद भारत की प्रति व्यक्ति आय कई देशों से पीछे है।
2014 में भारत बांग्लादेश से आगे था: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जारी एक वीडियो में भारत की प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, उस समय भारत की प्रति व्यक्ति आय लगभग 1,600 डॉलर थी। वहीं, बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 1,100 डॉलर थी। यानी उस समय भारत बांग्लादेश से करीब 500 डॉलर आगे था।
केजरीवाल के मुताबिक, अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भारत की प्रति व्यक्ति आय करीब 2,800 डॉलर है, जबकि बांग्लादेश की 2,900 डॉलर हो गई है। इसी आधार पर उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों और विकास के दावों पर सवाल उठाया।
अमेरिका और स्विट्जरलैंड का भी दिया उदाहरण
केजरीवाल ने अपनी बात रखते हुए कई विकसित देशों की प्रति व्यक्ति आय का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड में यह आंकड़ा करीब 1.15 लाख डॉलर, सिंगापुर में 99 हजार डॉलर और अमेरिका में लगभग 90 हजार डॉलर है।
उन्होंने कहा कि एक समय लोगों को उम्मीद थी कि भारत तेजी से आर्थिक विकास करेगा और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ेगा। लेकिन उनके मुताबिक, पिछले वर्षों में भारत की प्रति व्यक्ति आय की स्थिति उम्मीद के मुताबिक नहीं सुधरी।
केजरीवाल ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिस देश को आर्थिक रूप से मजबूत और दुनिया में सबसे आगे ले जाने की बात कही गई थी, आज उसी देश की तुलना बांग्लादेश से हो रही है। हालांकि, प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों की तुलना अलग-अलग स्रोतों और गणना पद्धतियों के आधार पर बदल सकती है।
