सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने नमामि गंगे कार्यक्रम से जुड़े Strengthening of Environmental Regulators (SER) Phase-III Project के तहत 51 संविदा पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में वैज्ञानिक, प्रशासनिक और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पद शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 38,741 रुपये से लेकर 1,71,597 रुपये तक का मासिक समेकित वेतन दिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
51 पदों पर होगी भर्ती
सीपीसीबी की इस भर्ती में कुल 51 रिक्तियां हैं। इनमें साइंटिस्ट-D का 1 पद, साइंटिस्ट-C के 8 पद, साइंटिस्ट-B के 12 पद, असिस्टेंट मैनेजर (फाइनेंस) के 3 पद, एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट का 1 पद, साइंटिफिक असिस्टेंट के 13 पद, टैक्सोनॉमिस्ट का 1 पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 4 पद और फील्ड असिस्टेंट के 8 पद शामिल हैं।
इन पदों में सबसे अधिक वेतन साइंटिस्ट-D को मिलेगा। इस पद के लिए मासिक वेतन 1,71,597 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं साइंटिस्ट-C को 1,48,997 रुपये और साइंटिस्ट-B को 1,25,380 रुपये मासिक मिलेंगे।
किस पद के लिए कितनी योग्यता?
भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। साइंटिस्ट-D के लिए पर्यावरण या प्राकृतिक विज्ञान में प्रथम श्रेणी की मास्टर डिग्री अथवा संबंधित इंजीनियरिंग विषय में प्रथम श्रेणी बीटेक के साथ करीब 7 वर्ष का संबंधित अनुभव मांगा गया है।
साइंटिस्ट-C के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी मास्टर डिग्री या बीटेक और 5 वर्ष का अनुभव जरूरी है। साइंटिस्ट-B के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री या बीटेक के साथ 3 वर्ष का अनुभव तथा निर्धारित GATE स्कोर या NET-JRF जैसी पात्रता आवश्यक है।
असिस्टेंट मैनेजर (फाइनेंस) के लिए प्रथम श्रेणी एमकॉम, सीए या फाइनेंस में एमबीए जैसी योग्यता निर्धारित है। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में 8 वर्ष का अनुभव भी मांगा गया है।
साइंटिफिक असिस्टेंट और टैक्सोनॉमिस्ट जैसे पदों के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी की मास्टर डिग्री या निर्धारित तकनीकी योग्यता जरूरी है। डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए बीएससी या बीसीए के साथ हिंदी अथवा अंग्रेजी टाइपिंग की निर्धारित गति आवश्यक है। वहीं फील्ड असिस्टेंट के लिए विज्ञान विषयों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है।
उम्र सीमा भी अलग-अलग
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार अलग है। साइंटिस्ट-D के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष, साइंटिस्ट-C के लिए 40 वर्ष और साइंटिस्ट-B के लिए 35 वर्ष रखी गई है। वहीं फील्ड असिस्टेंट के लिए अधिकतम आयु 27 वर्ष है। डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए 32 वर्ष तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इस संविदा भर्ती में सामान्य तौर पर आयु में अतिरिक्त छूट का प्रावधान नहीं है।
कब से शुरू होगा आवेदन?
ऑनलाइन आवेदन 24 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे शुरू होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 7 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे है। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कहां होगी पोस्टिंग?
इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति सीपीसीबी के दिल्ली मुख्यालय के अलावा लखनऊ, कोलकाता और चंडीगढ़ में भी हो सकती है। शुरुआती नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी। उम्मीदवार के प्रदर्शन और परियोजना की आवश्यकता के आधार पर संविदा अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है। परियोजना की निर्धारित अवधि 6 मई 2028 तक बताई गई है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
आवेदन मिलने के बाद सीपीसीबी उम्मीदवारों की पात्रता और दस्तावेजों की जांच करेगा। आवेदन अधिक होने की स्थिति में बोर्ड स्क्रीनिंग के लिए लिखित परीक्षा, शैक्षणिक योग्यता या संबंधित अनुभव जैसे मानदंडों का इस्तेमाल कर सकता है। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी। अंतिम चयन संबंधित पद की पात्रता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
इस भर्ती के जरिए पर्यावरण, जल प्रदूषण नियंत्रण, नदी संरक्षण और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विशेषज्ञों को नमामि गंगे कार्यक्रम में काम करने का अवसर मिलेगा। इसलिए योग्य उम्मीदवारों को आवेदन शुरू होने से पहले आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में अपनी पात्रता, अनुभव और दस्तावेजों की शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए।
