भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अगले राउंड में जगह बना ली है। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले गए पूल D के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से शिकस्त दी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल करके जीत की नींव रखी, जबकि अभिषेक ने भी दो बार गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। हार्दिक सिंह ने भी एक गोल किया। भारत ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाया और पाकिस्तान को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ भारत पूल D में छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
पाकिस्तान के खिलाफ शुरू से ही भारत का दबदबा
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। पांचवें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। इसके कुछ ही मिनट बाद अभिषेक ने 11वें मिनट में भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में मुकाबला और रोमांचक हो गया। 21वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को 3-0 की बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद पाकिस्तान ने अपना पहला गोल किया। हालांकि अभिषेक ने 24वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया। पाकिस्तान ने भी इसी मिनट में एक और गोल किया और हाफ टाइम तक स्कोर 4-2 रहा।
हार्दिक के गोल ने मजबूत की जीत
तीसरे क्वार्टर में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे हार्दिक सिंह ने गोल में बदलकर स्कोर 5-2 कर दिया। आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने एक और गोल करके अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई और मौका नहीं दिया। भारत ने आखिरकार 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी। हालांकि दूसरे मैच में इंग्लैंड से उसे 2-4 की हार मिली थी। पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत के लिए अगले राउंड में पहुंचने के लिहाज से बेहद अहम थी।
पूल D में इंग्लैंड तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। भारत छह अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रहा। पाकिस्तान और वेल्स क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे और टूर्नामेंट की खिताबी दौड़ से बाहर हो गए।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा जारी
इस जीत के साथ पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रहा। भारत को पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी हार फरवरी 2016 में मिली थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 21 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने 18 मैच जीते, दो मुकाबले ड्रॉ रहे और एक मैच रद्द हुआ। यानी करीब एक दशक से भारत पाकिस्तान के खिलाफ अजेय है।
