Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home विदेशसोमालिया तट पर हथियारों से लदा जहाज हाईजैक, 6 भारतीय समेत 10 क्रू फंसे

सोमालिया तट पर हथियारों से लदा जहाज हाईजैक, 6 भारतीय समेत 10 क्रू फंसे

by Sagar Sharma
0 comments

अफ्रीकी देश सोमालिया के तट के पास समुद्री लुटेरों ने एक कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया है। कैमरून के झंडे वाले इस जहाज पर कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें 6 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जहाज पर तुर्की के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए हथियार, संचार उपकरण और सैटेलाइट से जुड़ा सामान मौजूद था। समुद्री लुटेरे जहाज को सोमालिया के नुगाल तट की ओर ले गए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन भी क्षेत्र पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल जहाज और चालक दल की सही स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुंटलैंड तट के पास बनाया गया निशाना

सोमालिया के पुंटलैंड इलाके में मर्राया के नजदीक समुद्र में M/V LUTUF नाम के कार्गो जहाज को समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में लिया। यह जहाज पोलर मूवमेंट शिपिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जहाज पर मोगादिशु स्थित तुर्की के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए हथियारों के अलावा कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण भी ले जाए जा रहे थे।

जहाज के चालक दल में 10 लोग शामिल थे। इनमें 6 भारतीय नागरिक हैं। इसके अलावा तुर्की और जॉर्जिया का एक-एक नागरिक तथा सर्बिया के दो सुरक्षा गार्ड भी जहाज पर मौजूद थे। घटना सामने आने के बाद चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पहले भी जहाज हाईजैक करने वाले गिरोह का हाथ

स्थानीय अधिकारी के मुताबिक, इस घटना में करीब 8 समुद्री लुटेरों के शामिल होने की आशंका है। माना जा रहा है कि यही समूह 26 अप्रैल को M/V स्वार्ड नाम के जहाज के अपहरण में भी शामिल था। घटना के बाद तुर्की के स्वामित्व वाले कुछ जहाज हाईजैक किए गए जहाज के आसपास पहुंचे।

इलाके में तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन लगातार निगरानी कर रहे थे। मंगलवार को एक छोटी नाव भी जहाज के पास पहुंची। इसमें दो लोग सवार थे और उन्होंने वहां मादक पदार्थ पहुंचाया। सोमालिया में इस तरह के पदार्थ को नशे के लिए चबाने की बात सामने आती रही है।

हवाई हमले में चार लोगों की मौत

अधिकारी के अनुसार, छोटी नाव के वहां से लौटने के बाद एक हवाई हमला हुआ। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया और मारे गए या घायल हुए लोग कौन थे।

फिलहाल हाईजैक किए गए जहाज और उसके 10 सदस्यीय चालक दल की स्थिति को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। तुर्की सरकार की ओर से भी घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी। छह भारतीय नागरिकों के जहाज पर फंसे होने के कारण उनकी सुरक्षित वापसी पर भी नजर बनी हुई है।

Author

You may also like