Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home जॉब्सबिहार में 19 अगस्त से लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 20 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

बिहार में 19 अगस्त से लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 20 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

by Sagar Sharma
0 comments

बिहार के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है. पटना के ज्ञान भवन में 19 से 23 अगस्त तक पांच दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इस मेले में देश-विदेश की 80 से अधिक बड़ी कंपनियां युवाओं को नौकरी के अवसर देंगी. युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने इस आयोजन के जरिए करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा है. बैंकिंग, वित्तीय सेवा, बीमा, रिटेल, लॉजिस्टिक्स और अन्य क्षेत्रों की कंपनियां इसमें हिस्सा लेंगी. मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा.

पटना में जुटेंगी 80 से ज्यादा कंपनियां

राज्य का यह बड़ा रोजगार मेला 19 से 23 अगस्त तक पटना के ज्ञान भवन में आयोजित होगा. युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस मेले का औपचारिक उद्घाटन विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद करेंगे.

मेले में 80 से अधिक कंपनियों ने शामिल होने की सहमति दी है. इनमें कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन, क्लिक्स, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, जॉनसन लिफ्ट एंड एस्केलेटर, टीवीएस क्रेडिट, ट्रेंट लिमिटेड और रिलायंस रिटेल जैसी कंपनियां शामिल हैं.

युवाओं को बैंकिंग, फाइनेंस, इंश्योरेंस, रिटेल, लॉजिस्टिक्स और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के विकल्प मिल सकते हैं. विभाग ने इस मेले के माध्यम से 20 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों और नियोजकों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी है. अभ्यर्थी detjob.bihar.gov.in/registration पोर्टल के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. बिना पंजीकरण के मेले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

मेले से जुड़ी जानकारी, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और अन्य जरूरी अपडेट के लिए विभाग ने 18002965656 टोल फ्री नंबर भी जारी किया है. उम्मीदवार इस नंबर पर संपर्क करके आवश्यक जानकारी हासिल कर सकते हैं.

इस साल अब तक 8 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार

विभाग के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 17 रोजगार या नियोजन मेलों का आयोजन किया जा चुका है. इनमें करीब 8,500 युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार मिला है. इसके अलावा राज्य में 673 नियोजन कैंप भी लगाए गए, जिनके जरिए 13 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिली.

राज्यस्तरीय मेले के साथ-साथ जिला और प्रमंडल स्तर पर भी रोजगार एवं मार्गदर्शन मेले आयोजित किए जा रहे हैं. विभाग का उद्देश्य युवाओं को एक ही स्थान पर बड़ी कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.

Author

You may also like