महिंद्रा ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 को नए नाम और कई बड़े अपडेट के साथ BE 6 Sporteq के रूप में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹19.45 लाख रखी गई है। कंपनी ने इस मॉडल के साथ नया 70kWh बैटरी पैक, नए कनेक्टेड फीचर्स, ट्रिपल 12.3-इंच स्क्रीन सेटअप और Battery as a Service (BaaS) विकल्प पेश किया है। BE 6 Sporteq की डिलीवरी 26 अगस्त से शुरू होगी।
₹19.45 लाख से शुरू होती है कीमत
Mahindra BE 6 Sporteq की कीमत ₹19.45 लाख से शुरू होकर ₹26.95 लाख तक जाती है। 59kWh बैटरी के साथ ONE और TWO वेरिएंट की कीमत क्रमशः ₹19.45 लाख और ₹20.95 लाख है। THREE वेरिएंट 59kWh के साथ ₹21.95 लाख और 70kWh बैटरी के साथ ₹22.95 लाख में उपलब्ध है। वहीं THREE+, FOUR और Launch Edition बड़े 79kWh बैटरी विकल्प के साथ आते हैं।
कंपनी ने 59kWh बैटरी वाले ONE और TWO वेरिएंट के लिए BaaS विकल्प भी पेश किया है। इसमें ग्राहक वाहन की कीमत अलग से चुकाते हैं और बैटरी के लिए ₹3.75 प्रति किलोमीटर की सब्सक्रिप्शन फीस देनी होगी।
तीन स्क्रीन वाला नया डैशबोर्ड
BE 6 Sporteq के इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसके डैशबोर्ड में देखने को मिलता है। चुनिंदा वेरिएंट में तीन 12.3-इंच स्क्रीन वाला सेटअप दिया गया है। डैशबोर्ड के पुराने डिजाइन की जगह अब ज्यादा साफ-सुथरा हॉरिजॉन्टल लेआउट दिया गया है।
Launch Edition में खास Graphite Storm एक्सटीरियर और Full Racing Tan इंटीरियर थीम मिलती है। इसके अलावा पैनोरमिक ग्लास रूफ, Harman Kardon ऑडियो सिस्टम, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, 540-डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स भी उपलब्ध हैं।
नए TEQ फीचर्स से बढ़ी कनेक्टिविटी
BE 6 Sporteq में छह नए TEQ टेक्नोलॉजी सूट शामिल किए गए हैं। इनमें TEQ_Me ड्राइवर को पहचानकर उसका पर्सनलाइज्ड प्रोफाइल लोड करता है। TEQ_Talk में Google Gemini इंटीग्रेशन दिया गया है, जबकि TEQ_xting के जरिए कार के LED टेलगेट डिस्प्ले पर निजी संदेश दिखाए जा सकते हैं।
TEQ_Drive में Custom Drive Mode, Tribe Drive, Drift Mode और Acceleration Boost जैसे विकल्प मिलते हैं। इसके अलावा Revive SOS फीचर बैटरी पूरी तरह खत्म होने के बाद कार को करीब 13 किलोमीटर तक चलाने के लिए पर्याप्त चार्ज उपलब्ध करा सकता है।
683 किमी तक की रेंज
Mahindra BE 6 Sporteq को तीन बैटरी विकल्पों—59kWh, 70kWh और 79kWh—के साथ पेश किया गया है। 59kWh मॉडल 231hp, 70kWh मॉडल 245hp और 79kWh मॉडल 286hp की पावर देता है। तीनों में 380Nm का टॉर्क और रियर-व्हील ड्राइव मिलता है।
कंपनी के अनुसार 59kWh बैटरी की MIDC रेंज 548 किमी, 70kWh की 651 किमी और 79kWh बैटरी की 683 किमी तक है। DC फास्ट चार्जिंग की क्षमता क्रमशः 140kW, 160kW और 180kW है। तीनों बैटरी पैक 20 से 80 प्रतिशत तक करीब 20 मिनट में चार्ज किए जा सकते हैं।
BE 6 Sporteq का मुकाबला Tata Sierra EV, Hyundai Creta Electric और MG Windsor जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा।
