पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित किए जा रहे कथित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मॉड्यूल के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों के संपर्क में था और उनके निर्देश पर काम कर रहा था।
आदमपुर के पास से ग्रेनेड लेने का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने जालंधर के आदमपुर इलाके के पास एक स्थान से हैंड ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसे किस मकसद से उपलब्ध कराया गया था और इसे आगे कहां इस्तेमाल किया जाना था।
अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित आतंकी हमले को रोकने में मदद मिली है। हालांकि, ग्रेनेड की बरामदगी के पीछे की पूरी साजिश और संभावित टारगेट को लेकर जांच अभी जारी है।
विदेशी कनेक्शन की भी जांच
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है। जांच का मुख्य फोकस कथित विदेशी हैंडलरों के साथ उसके संपर्क, स्थानीय स्तर पर उसे मिलने वाली मदद और मॉड्यूल में शामिल अन्य लोगों की पहचान पर है।
मामले में एसबीएस नगर के थाना सदर नवांशहर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके संपर्कों की विस्तृत जांच की जा रही है।
