दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार Mercedes की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा ममूरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के बाहर करीब सुबह 8 बजे हुआ। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी उर्मिला (70) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में Mercedes चला रहे शुभम को मौके से गिरफ्तार किया है। वह हरियाणा पुलिस में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर का बेटा बताया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक Mercedes ने सामने से आ रही एक Wagon R को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि Wagon R पीछे की ओर खिसकते हुए कुछ दूरी पर खड़े एक सामान लोड करने वाले तीन पहिया वाहन से जा टकराई।
इसी दौरान उर्मिला दोनों वाहनों के बीच फंस गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं Wagon R चालक को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि Mercedes चला रहा शुभम हादसे के समय शराब के नशे में था और काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में वह कार की ड्राइविंग सीट पर परेशान हालत में दिखाई दे रहा है। कार के कप होल्डर में शराब की बोतल भी नजर आ रही है।
पुलिस के अनुसार Mercedes शुभम की अपनी नहीं थी। उसने यह कार अपने एक दोस्त से उधार ली थी और एक दिन पहले किसी यात्रा के लिए लेकर गया था। गिरफ्तारी के बाद शुभम का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अब पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के वक्त वह शराब के नशे में था या नहीं।
लापरवाही से मौत का मामला दर्ज
अधिकारियों के मुताबिक मामले में लापरवाही से मौत और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेज रफ्तार लग्जरी कारों से होने वाले हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले दिल्ली और पुणे में भी तेज रफ्तार महंगी कारों से जुड़े हादसे सुर्खियों में रहे हैं।
