कर्नाटक के बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कई बड़े होटलों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने शुक्रवार को शहर के छह प्रमुख फाइव स्टार होटलों से 250 किलो से अधिक मांस, 207 किलो सब्जियां, 32 लीटर दूध और 3 किलो बेकरी उत्पाद जब्त कर नष्ट किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बेंगलुरु में कुल 26 थ्री स्टार और फाइव स्टार होटलों की जांच की थी। इसके लिए 30 टीमों को तैनात किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जांच का उद्देश्य फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और संबंधित नियमों के तहत होटलों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति देखना था।
FSDA के अनुसार, द ललित अशोक से 76 किलो मांस, 200 किलो सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध नष्ट किया गया। शांगरी-ला से 15 किलो और फोर सीजन्स से 19 किलो मांस जब्त हुआ। विवांता व्हाइटफील्ड से 3 किलो एक्सपायर्ड बेकरी उत्पाद, ताज यशवंतपुर से 72 किलो मांस और मछली तथा रेडिसन ब्लू से 50 किलो चिकन, 25 किलो मांस, 23 किलो मछली और 7 किलो सब्जियां जब्त की गईं।
जांच में एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के अलावा सब्जियों में फंगस, रसोई और स्टोरेज एरिया में साफ-सफाई की कमी, गलत लेबलिंग और शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां मिलीं।
अधिकारियों ने चाय पाउडर, चिकन, मटन, मछली, तेल, मसाले, सॉस, चीज और दूध समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं। आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट और संबंधित कानूनों के आधार पर की जाएगी।
वहीं, ललित अशोक होटल ने सफाई देते हुए कहा कि जिन मीट और फ्रोजन उत्पादों पर आपत्ति जताई गई, वे खराब नहीं थे बल्कि उनके स्टोरेज और अलग रखने से जुड़ी कमियां थीं। होटल के अनुसार, जब्त किया गया दूध ‘बेस्ट बिफोर’ तारीख से केवल एक दिन आगे था और उसे पहले ही इस्तेमाल से हटाया जा चुका था।
