सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ दिल्ली पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अंसारी का आरोप है कि दीपके के करीबी लोगों ने उन पर दो अलग-अलग मौकों पर हमला किया था, जिसके संबंध में पहले से पुलिस में मामले दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को सौंपी गई शिकायत में फैजान अंसारी ने दावा किया कि पुणे और औरंगाबाद में उन पर हुए हमलों के पीछे अभिजीत दीपके के समर्थकों का हाथ था। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के पर्याप्त सबूत उनके पास मौजूद हैं और पुलिस को निष्पक्ष जांच करते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में फैजान अंसारी ने कहा कि उन्होंने लिखित शिकायत इसलिए दी है ताकि मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिजीत दीपके के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि दोनों हमलों से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं और अब दिल्ली पुलिस को भी इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।
फैजान ने इस दौरान सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से राजधानी का माहौल बिगड़ने से बच गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके अपने निजी हितों को ध्यान में रखकर गतिविधियां चला रहे हैं।
उधर, अभिजीत दीपके को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। सूरत के आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने उनके पिता भगवानराव दीपके की आय और अभिजीत की अमेरिका में हुई पढ़ाई के खर्च की जांच की मांग की थी। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) से सीजेपी की कानूनी स्थिति और पार्टी को मिली कथित आर्थिक सहायता की भी जांच कराने की अपील की है।
वहीं, अभिजीत दीपके ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि यदि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो वे दोबारा धरना शुरू करेंगे। उन्होंने नीट-यूजी अभ्यर्थियों की आत्महत्या के मामलों में पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का मुद्दा भी उठाया था। इससे पहले सीजेपी ने जंतर-मंतर पर 37 दिनों तक आंदोलन किया था, जिसे सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद समाप्त कर दिया गया था।
