पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया. न्यू मार्केट के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में रात करीब 2:45 बजे अचानक आग भड़क उठी. उस समय होटल में मौजूद ज्यादातर लोग सो रहे थे. देखते ही देखते आग और धुआं कमरों व गलियारों में फैल गया. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया. पुलिस अब हादसे की वजह और होटल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है.
आधी रात को होटल में लगी आग
कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में तड़के अचानक आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग करीब 2:45 बजे लगी. उस समय होटल में ठहरे अधिकांश लोग गहरी नींद में थे. आग लगने के कुछ ही देर बाद होटल के अंदर धुआं तेजी से फैलने लगा.
धुआं इतना ज्यादा था कि कई लोगों को संभलने और सुरक्षित जगह पहुंचने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया. पुलिस के अनुसार, इस हादसे में आग की लपटों से ज्यादा जहरीला धुआं लोगों के लिए घातक साबित हुआ. धुएं में दम घुटने के कारण 9 लोगों की जान चली गई.
संकरे रास्तों और बंद निकास ने बढ़ाई परेशानी
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, होटल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है. होटल के भीतर रास्ते और गलियारे काफी संकरे बताए जा रहे हैं. ऐसे में आग और धुआं फैलने के बाद मेहमानों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया.
सबसे गंभीर स्थिति तब बनी जब रात के समय होटल का मुख्य बाहरी रास्ता बंद मिला. बाहर निकलने का रास्ता बाधित होने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए. धुएं से भरे कमरों और गलियारों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही न्यू मार्केट थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के बाद अब होटल में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे.
पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि होटल के पास जरूरी अग्नि सुरक्षा मंजूरी और वैध एनओसी थी या नहीं. साथ ही होटल प्रबंधन की भूमिका और कथित लापरवाही की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति साफ होगी.
