भारत और रूस के बीच व्यापारिक और औद्योगिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में सितंबर में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में पहली बार ‘INNOPROM.India’ इंटरनेशनल इंडस्ट्रियल ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा। यह मेगा ट्रेड फेयर 9 से 11 सितंबर 2026 तक चलेगा और इसके ठीक बाद 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होना है।
मोदी और पुतिन की मौजूदगी से बढ़ेगा आयोजन का महत्व
इस औद्योगिक मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पहुंचने की उम्मीद है। दोनों नेताओं की संभावित मौजूदगी भारत-रूस आर्थिक साझेदारी के लिए इस आयोजन के महत्व को दर्शाती है। पुतिन BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे और उससे पहले इस प्रदर्शनी में उनकी उपस्थिति दोनों देशों के कारोबारी संबंधों को नई दिशा दे सकती है।
किन क्षेत्रों पर रहेगा मुख्य फोकस?
INNOPROM.India में कई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग, रसायन उद्योग, धातु एवं सामग्री, डिजिटल टेक्नोलॉजी, खनन तकनीक और मानव-केंद्रित तकनीक प्रमुख हैं। इसके अलावा व्यापार विकास और FMCG से जुड़े क्षेत्र भी मेले का हिस्सा होंगे।
रूसी तकनीक और उत्पादों की होगी प्रदर्शनी
मेले में रूसी कंपनियां अपनी आधुनिक तकनीकों और औद्योगिक समाधानों को भारतीय बाजार के सामने पेश करेंगी। इनमें परमाणु ऊर्जा संयंत्र के VVER-1200 रिएक्टर मॉडल, गैस के भंडारण और परिवहन के लिए कंपोजिट उत्पाद, दुर्लभ और रेयर-अर्थ मेटल से जुड़े उत्पादों के साथ आधुनिक रूसी विमानों और हेलीकॉप्टरों के मॉडल भी शामिल होने की जानकारी है।
कारोबार और निवेश के नए अवसर
INNOPROM.India का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं है। इसके जरिए भारतीय और रूसी कंपनियों के बीच सीधे कारोबारी संपर्क, तकनीकी साझेदारी, निवेश और संयुक्त औद्योगिक परियोजनाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक, यह मंच दोनों देशों के उद्योग जगत को नए खरीदारों, सप्लायर्स, निवेशकों और कारोबारी साझेदारों से जोड़ने पर केंद्रित है।
BRICS से पहले क्यों अहम है आयोजन?
BRICS सम्मेलन से ठीक पहले होने वाला यह ट्रेड फेयर भारत-रूस के आर्थिक रिश्तों के लिहाज से खास माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और औद्योगिक सहयोग के नए क्षेत्रों को तलाशने की कोशिशों के बीच INNOPROM.India एक महत्वपूर्ण बिजनेस प्लेटफॉर्म बन सकता है। आयोजन का लक्ष्य भारत और रूस के बीच उद्योग, व्यापार और निवेश के संबंधों को और व्यापक बनाना है।
