Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home मनोरंजनचियान विक्रम ने बंदर के साथ शेयर की रील, वन विभाग की जांच शुरू होते ही किया डिलीट; जानें पूरा मामला

चियान विक्रम ने बंदर के साथ शेयर की रील, वन विभाग की जांच शुरू होते ही किया डिलीट; जानें पूरा मामला

by Sagar Sharma
0 comments

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता चियान विक्रम इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने हाल ही में एक विदेशी प्रजाति के बंदर के साथ वीडियो शेयर किया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला वन विभाग तक पहुंच गया और विभाग ने बंदर को लेकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद विक्रम ने करीब 24 घंटे के भीतर अपनी पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी।

बंदर के साथ मस्ती करते दिखे थे विक्रम

विक्रम ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। इसमें वह एक बंदर के साथ समय बिताते और उसे दुलारते नजर आए। वीडियो में बंदर भी अभिनेता के साथ काफी सहज दिखाई दे रहा था और उनकी गोद में बैठा हुआ था। पोस्ट सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

हालांकि, वीडियो के वायरल होने के बाद बंदर की प्रजाति और उसे रखने की अनुमति को लेकर सवाल उठने लगे। इसी बीच तमिलनाडु वन विभाग की ओर से मामले की जांच शुरू किए जाने की खबर सामने आई।

जांच की खबर आते ही हटाई रील

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वन विभाग जिस जानवर की जांच कर रहा है, वह विक्रम के समधी और कारोबारी सीके रंगनाथन के पास है। जांच की जानकारी सामने आने के कुछ समय बाद अभिनेता ने अपनी इंस्टाग्राम रील डिलीट कर दी। इसके चलते यह मामला और चर्चा में आ गया है।

क्या है लार गिबन का मामला?

‘फ्री प्रेस जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे बंदर की पहचान कथित तौर पर ‘लार गिबन’ के रूप में हुई है। यह एक लुप्तप्राय प्रजाति मानी जाती है और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत इसे सुरक्षा प्राप्त है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सीके रंगनाथन ने इस बंदर को आधिकारिक तौर पर खरीदा था और इसे जून में मणिपुर से तमिलनाडु के इरोड लाया गया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

वन्यजीव कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल

वन्यजीव कार्यकर्ताओं ने इस बात पर सवाल उठाया है कि आवश्यक दस्तावेजों और अनुमति के बिना लार गिबन जैसी संरक्षित प्रजाति को पालतू जानवर के तौर पर रखना कानूनी है या नहीं। कुछ कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई है कि जानवर की दक्षिण-पूर्व एशिया से तस्करी भी हो सकती है।

हालांकि, तस्करी से जुड़े इन आरोपों की वन विभाग ने अभी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बंदर को रखने और उसे भारत लाने में नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं।

Author

You may also like