Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home मनोरंजनए.आर. रहमान के बेटे ए.आर. अमीन की कार का एक्सीडेंट, दोस्त समेत अस्पताल पहुंचे; इलाज के बाद हुए डिस्चार्ज

ए.आर. रहमान के बेटे ए.आर. अमीन की कार का एक्सीडेंट, दोस्त समेत अस्पताल पहुंचे; इलाज के बाद हुए डिस्चार्ज

by Sagar Sharma
0 comments

चेन्नई: मशहूर म्यूजिक कंपोजर ए.आर. रहमान के बेटे और सिंगर ए.आर. अमीन सोमवार तड़के चेन्नई में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे के दौरान अमीन अपने एक दोस्त के साथ कार में सफर कर रहे थे। टक्कर के बाद दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। अमीन और उनका दोस्त कार से गुइंडी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी ओलंपिया टेक पार्क के पास पहुंची, तभी एक कैब साइड रोड से मुख्य सड़क पर आ गई। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

अमीन और दोस्त को आईं हल्की चोटें

टक्कर काफी तेज होने के बावजूद ए.आर. अमीन और उनके दोस्त को केवल मामूली चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद दोनों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। उपचार पूरा होने के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया और वे घर लौट गए।

कैब में बैठे यात्री को भी लगी चोट

इस दुर्घटना में कैब में सवार एक यात्री भी घायल हुआ। उसे इलाज के लिए कलाईनार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बाद उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।

हालांकि, टक्कर में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग ने जांच शुरू कर दी है।CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब हादसे की पूरी वजह जानने में जुटी है। जांच में यह देखा जा रहा है कि कैब मुख्य सड़क पर किस तरह पहुंची और क्या दुर्घटना के वक्त किसी वाहन की रफ्तार अधिक थी। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ए.आर. अमीन खुद एक सिंगर और परफॉर्मर हैं। वह कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं और अपने पिता ए.आर. रहमान के साथ भी कई मौकों पर मंच साझा कर चुके हैं। हादसे की खबर के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता जरूर बढ़ी, लेकिन उनके सुरक्षित होने की खबर से राहत मिली है।

Author

You may also like