यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले ही अपने कंटेंट को लेकर चर्चा में आ गई है. फिल्म को यूनाइटेड किंगडम में ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (BBFC) ने 18 सर्टिफिकेट दिया है. खास बात यह है कि बोर्ड ने फिल्म में हिंसा और चोटों को दिखाने के स्तर पर सबसे ज्यादा रेटिंग दी है. भारत में भी फिल्म को CBFC से A सर्टिफिकेट मिल चुका है. ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म में काफी इंटेंस एक्शन और हिंसक दृश्य देखने को मिल सकते हैं. इसकी तुलना हाल में रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ से भी होने लगी है.
‘टॉक्सिक’ को क्यों मिला 18+ सर्टिफिकेट?
BBFC की रेटिंग के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ में हिंसा और चोटों को दिखाने का स्तर काफी ज्यादा है. बोर्ड ने वायलेंस और इंजरी डिटेल को 5/5 रेटिंग दी है. इसके अलावा थ्रेट और हॉरर, भाषा, ड्रग्स और यौन हिंसा से जुड़े कंटेंट को भी ऊंची रेटिंग मिली है.
फिल्म को भारत में भी A सर्टिफिकेट दिया गया है. इसका मतलब है कि भारतीय सिनेमाघरों में इसे केवल 18 साल या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकेंगे. यूके में मिली रेटिंग के बाद फिल्म के एक्शन और हिंसक कंटेंट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
‘धुरंधर 2’ से क्यों हो रही तुलना?
‘टॉक्सिक’ की तुलना ‘धुरंधर 2’ से इसलिए की जा रही है क्योंकि दोनों फिल्मों को यूके में हिंसा के लिए 5/5 रेटिंग मिली है. ‘धुरंधर 2’ को थ्रेट, हॉरर और भाषा के लिए 4/5 रेटिंग मिली थी. वहीं इंजरी डिटेल के मामले में उसे 4/5 रेटिंग दी गई थी.
दूसरी तरफ ‘टॉक्सिक’ को इंजरी डिटेल में 5/5 मिला है. इसी वजह से सोशल मीडिया और फिल्म फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि यश की फिल्म में ‘धुरंधर 2’ के मुकाबले और ज्यादा खून-खराबा देखने को मिल सकता है. हालांकि सेंसर रेटिंग से केवल कंटेंट की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है, यह कहना सही नहीं होगा कि फिल्म में निश्चित तौर पर ज्यादा हिंसा ही होगी.
गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
BBFC के अनुसार ‘टॉक्सिक’ की कहानी 1940 से 1970 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि में रखी गई है. कहानी में गोवा की चमकदार दुनिया के पीछे मौजूद अपराध और गैंगस्टर की दुनिया को दिखाया गया है. फिल्म की कहानी पावर, क्राइम और परिवार के रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. पिता और बेटे के रिश्ते को भी कहानी में महत्वपूर्ण जगह दी गई है.
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. यश के साथ हुमा कुरैशी, नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर में करीब 12,000 स्क्रीन्स पर रिलीज होने वाली है.
