बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले कंगना के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रतिक्रिया दी थी। टीवी9 भारतवर्ष के एक कार्यक्रम में रामदेव ने कंगना के पुराने बयानों और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े संदर्भों का जिक्र करते हुए उनके बयान की आलोचना की थी। अब कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए बाबा रामदेव को जवाब दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर रामदेव के बयान की खबर साझा करते हुए तीखे शब्दों में पलटवार किया और उनकी टिप्पणी को लेकर सवाल उठाए।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिया जवाब
कंगना रनौत ने बाबा रामदेव के बयान से जुड़ी एक खबर का स्क्रीनशॉट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि बाबा को उनकी जवानी और निजी जिंदगी को लेकर कल्पनाएं नहीं करनी चाहिए। कंगना ने कहा कि अफवाहों और चर्चाओं के आधार पर किसी के बारे में राय बनाना सही नहीं है।
अभिनेत्री ने अपने जवाब में यह भी दावा किया कि कम से कम उन्हें झूठे और फर्जी दावों के मामले में सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं मिली है। इस तरह कंगना ने सीधे तौर पर बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए उनके पुराने विवादों का संदर्भ दे दिया।
क्या बोले थे बाबा रामदेव?
दरअसल, टीवी9 भारतवर्ष के ‘सत्ता सम्मेलन उत्तराखंड’ कार्यक्रम में बाबा रामदेव से कंगना के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर सवाल किया गया था। जवाब में उन्होंने कंगना की योग्यता, बचपन और जवानी का जिक्र करते हुए उनके पुराने विवादों पर टिप्पणी की।
रामदेव ने कहा कि किसी भी युवा या पूरी जेन-जी को इस तरह के शब्दों से संबोधित करना गलत है। उन्होंने इसे सोचने के तरीके की समस्या बताया और कहा कि युवाओं को इस तरह से खारिज नहीं किया जा सकता।
युवाओं को लेकर रामदेव ने क्या कहा?
बाबा रामदेव ने कहा कि आज का युवा किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। इसमें समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल हैं। उनके मुताबिक युवा देश की बड़ी ताकत हैं और उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति योग या उनकी प्रशंसा करता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसके हर विचार का समर्थन किया जाए। कंगना के पलटवार के बाद दोनों के बीच बयानबाजी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
