खाने-पीने की चीजों की पैकेजिंग और विज्ञापनों में ‘100% Pure’, ‘100% Natural’ जैसे दावों को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्ती बढ़ा दी है। अथॉरिटी का कहना है कि इस तरह के दावे कई बार ग्राहकों को उत्पाद की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर भ्रमित कर सकते हैं। FSSAI की कार्रवाई के बाद कई कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स और विज्ञापनों से ऐसे दावों को हटाना शुरू कर दिया है। इनमें BONN BISCUITS, Zandu Honey, AMWAY INDIA और JUZA FOODS जैसी कंपनियां शामिल हैं। इससे पहले Dabur India के कुछ खाद्य उत्पाद भी FSSAI की कार्रवाई के दायरे में आए थे।
‘100%’ दावों पर FSSAI क्यों सख्त?
FSSAI के मुताबिक किसी खाद्य उत्पाद को ‘100% Pure’ या ‘100% Natural’ बताने से ग्राहक के मन में यह धारणा बन सकती है कि उत्पाद पूरी तरह शुद्ध या प्राकृतिक है। लेकिन हर खाद्य वस्तु के मामले में इस तरह के दावे को तय वैज्ञानिक और नियामकीय मानकों के आधार पर साबित करना आसान नहीं होता।
इसी वजह से खाद्य कंपनियों को अपनी पैकेजिंग, लेबल, विज्ञापन और प्रमोशनल सामग्री में ऐसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है। प्राधिकरण चाहता है कि कंपनियां वही जानकारी दें, जिसे स्पष्ट तरीके से प्रमाणित किया जा सके। नियमों का उद्देश्य ग्राहकों को भ्रामक या बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई जानकारी से बचाना है।
5 कंपनियों ने हटाए ऐसे दावे
FSSAI की कार्रवाई के बाद पांच कंपनियों ने अपने उत्पादों और विज्ञापनों में इस्तेमाल किए जा रहे ‘100%’ दावों को हटा दिया है। इनमें BONN BISCUITS, Zandu Honey, AMWAY INDIA और JUZA FOODS के नाम शामिल हैं। अथॉरिटी लगातार खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और कंपनियों के विज्ञापनों पर नजर रख रही है।
FSSAI का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों को उत्पाद की सामग्री, गुणवत्ता और प्रकृति के बारे में सही जानकारी मिले। किसी उत्पाद को लेकर ऐसा दावा नहीं किया जाना चाहिए, जिसे उपभोक्ता आसानी से अलग अर्थ में समझ ले।
Dabur पर भी हो चुकी है कार्रवाई
‘100%’ दावों को लेकर Dabur India भी FSSAI की कार्रवाई का सामना कर चुकी है। कुछ खाद्य उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए थे। इनमें शहद, एप्पल साइडर विनेगर, वर्जिन नारियल तेल, तिल का तेल, गाय का घी, नारियल पानी और नारियल दूध जैसे उत्पाद शामिल थे।
इनमें कुछ उत्पादों पर ‘100% Natural’, ‘100% Pure’, ‘100% Purity Guaranteed’, ‘100% Organic’ और ‘100% Tender Coconut Water’ जैसे दावे किए गए थे। FSSAI की बढ़ती सख्ती से साफ है कि खाद्य कंपनियों को अब पैकेजिंग और विज्ञापन में इस्तेमाल होने वाले दावों को लेकर ज्यादा सतर्क रहना होगा।
