Sunday, September 13, 2026
Sunday, September 13, 2026
Home टेकAI का खतरनाक चेहरा! जैविक हथियारों से साइबर हमलों तक, एंथ्रोपिक ने जताई 4 बड़ी चिंताएं

AI का खतरनाक चेहरा! जैविक हथियारों से साइबर हमलों तक, एंथ्रोपिक ने जताई 4 बड़ी चिंताएं

by Sagar Sharma
0 comments

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आज हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. पढ़ाई, नौकरी, कोडिंग, रिसर्च और कंटेंट तैयार करने जैसे कई कामों में AI की मदद ली जा रही है. लेकिन जैसे-जैसे AI मॉडल ज्यादा सक्षम हो रहे हैं, वैसे-वैसे उनके गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता भी बढ़ रही है. क्लॉड AI बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने अपनी रिस्क रिपोर्ट में ऐसे चार क्षेत्रों की पहचान की है, जहां भविष्य में AI गंभीर चुनौती बन सकता है.

जैविक और रासायनिक हथियारों का खतरा

एंथ्रोपिक की सबसे बड़ी चिंताओं में जैविक और रासायनिक हथियारों का गलत इस्तेमाल शामिल है. कंपनी का कहना है कि ज्यादा शक्तिशाली AI मॉडल ऐसे लोगों की क्षमता बढ़ा सकते हैं, जिनके पास खतरनाक हथियार बनाने की पूरी विशेषज्ञता या संसाधन नहीं हैं. AI उन्हें तकनीकी जानकारी और जरूरी प्रक्रियाओं को समझने में मदद कर सकता है. इसी खतरे को देखते हुए कंपनी अपने AI सिस्टम में अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर जोर दे रही है.

क्या AI खुद बेहतर AI बनाने लगेगा?

रिपोर्ट में AI के खुद AI रिसर्च में इस्तेमाल होने को भी महत्वपूर्ण खतरा बताया गया है. एंथ्रोपिक के मुताबिक, उसके प्रोडक्शन सिस्टम के कोड का बड़ा हिस्सा अब क्लॉड की सहायता से तैयार किया जा रहा है. इससे डेवलपमेंट का काम तेज हो रहा है. लेकिन भविष्य में अगर AI खुद ज्यादा शक्तिशाली AI सिस्टम विकसित करने में बड़ी भूमिका निभाने लगे, तो तकनीकी बदलाव की गति इंसानों की निगरानी क्षमता से आगे निकल सकती है.

AI के व्यवहार और साइबर सुरक्षा पर सवाल

एंथ्रोपिक ने AI मॉडल के व्यवहार को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत बताई है. कंपनी के परीक्षणों में मौजूदा मॉडल आम तौर पर इंसानों के खिलाफ काम करने की प्रवृत्ति नहीं दिखाते. हालांकि, कुछ परिस्थितियों में ऐसे संकेत मिले हैं, जहां मॉडल किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए नियमों से हटकर तरीका अपनाने को तैयार हो सकते हैं.

इसके साथ ही AI की साइबर सुरक्षा भी बड़ी चुनौती बन रही है. AI मॉडल जितने शक्तिशाली हो रहे हैं, उन्हें चोरी या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले हमलावरों के लिए उनकी अहमियत भी बढ़ रही है. एंथ्रोपिक का मानना है कि इन खतरों से बचने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, ज्यादा निवेश और लगातार निगरानी जरूरी होगी.

Author

You may also like