Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home देशIRCTC का बड़ा एक्शन, ट्रेनों और स्टेशनों पर बिना मंजूरी वाले पानी-खाने की बिक्री पर अचानक क्यों की सख्ती?

IRCTC का बड़ा एक्शन, ट्रेनों और स्टेशनों पर बिना मंजूरी वाले पानी-खाने की बिक्री पर अचानक क्यों की सख्ती?

by Sagar Sharma
0 comments

रेल यात्रियों को सुरक्षित और साफ-सुथरा खाना-पानी उपलब्ध कराने के लिए IRCTC ने अपनी निगरानी और सख्त कर दी है. बिना अनुमति वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (PDW), खाद्य पदार्थ और पेय बेचने या रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके लिए सभी जोन और रीजन में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को सक्रिय किया गया है. ये टीमें रेलवे के वाणिज्यिक विभाग के साथ मिलकर ट्रेनों और स्टेशनों पर अचानक जांच कर रही हैं. अभियान में कई जगहों से हजारों बोतलें और दूसरे खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं. IRCTC ने कैटरिंग संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी है.

ट्रेनों और स्टेशनों पर अचानक जांच

IRCTC ने बिना मंजूरी वाले खाद्य और पेय पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए सभी जोन में QRT को सक्रिय किया है. टीमें ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और कैटरिंग यूनिट की अचानक जांच कर रही हैं. इस दौरान पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, खाने-पीने के सामान के साथ लाइसेंस और जरूरी अनुमति की भी जांच की जा रही है.

इसके अलावा कैटरिंग यूनिट में साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा नियम, कर्मचारियों के दस्तावेज और यात्रियों से तय कीमत से अधिक रकम वसूलने जैसे मामलों पर भी नजर रखी जा रही है.

लखनऊ और चंडीगढ़ में हजारों बोतलें जब्त

लखनऊ रीजन में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक 117 ट्रेनों की जांच की गई. इस कार्रवाई के दौरान बिना मंजूरी वाले ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 5,241 बोतलें जब्त की गईं.

इसी तरह चंडीगढ़ रीजन में अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू सहित कई स्टेशनों पर 51 ट्रेनों की जांच हुई. यहां से 3,108 बोतलें जब्त की गईं. अंबाला में QRT की दो औचक जांच के दौरान बिना अनुमति वाली आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क समेत 13 कार्टन सामान भी पकड़ा गया. सहारनपुर स्टेशन पर भी बिना मंजूरी वाली आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पानी जब्त किया गया.

गुजरात और पूर्वी भारत में भी कार्रवाई

साबरमती BG स्टेशन पर ट्रेन साइड वेंडिंग की जांच के दौरान बिना अनुमति वाला पैकेज्ड वाटर और छाछ ट्रेन में लोड करते हुए पकड़ा गया. सामान जब्त कर कार्रवाई की गई. हावड़ा में भी QRT और रेलवे के वाणिज्यिक विभाग ने संयुक्त जांच कर बिना अनुमति वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों को जब्त किया और नष्ट कराया.

गुवाहाटी रीजन में गुवाहाटी, कामाख्या, अगरतला, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ में ट्रेनों और कैटरिंग यूनिट की जांच हुई. यहां पानी और खाने के सामान के साथ ओवरचार्जिंग, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और यात्री सेवा मानकों को भी जांचा गया.

कैटरिंग संचालकों को सख्त चेतावनी

IRCTC ने सभी कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया है कि बिना अनुमति वाले किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ को ट्रेन में लोड, स्टॉक या बेचने की अनुमति नहीं है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस की शर्तों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. IRCTC के मुताबिक यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और निर्धारित मानकों के अनुरूप खानपान उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Author

You may also like