Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home देशPM मोदी की देशवासियों से अपील- ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें

PM मोदी की देशवासियों से अपील- ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें

by Sagar Sharma
0 comments

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने लोगों से 15 अगस्त को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने को कहा।

हर घर पर तिरंगा लहराइए’

वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा, ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।’ उन्होंने देशवासियों से 15 अगस्त को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को आन, बान और शान के साथ मनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने लोगों से उनके योगदान को नमन करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।

मंगल मिलन में भी दिखा तिरंगे का उत्साह

इससे पहले मंगलवार को नई दिल्ली में NDA सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और NDA के अन्य नेता तिरंगा लहराते नजर आए।

संसद पुस्तकालय में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी भी हाथ में तिरंगा लेकर नजर आए।

विकास और रोजगार को लेकर सरकार का दावा

वहीं, बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने IANS से बातचीत में देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और रोजगार के क्षेत्र में भी स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगारी में कमी आई है और 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले पीएम मोदी का यह संदेश ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अपील के तौर पर देखा जा रहा है।

Author

You may also like