Friday, October 9, 2026
Friday, October 9, 2026
Home धर्म-एस्ट्रोहरिद्वार में कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत, हेलिकॉप्टर से बरसे फूल; सीएम धामी ने शिवभक्तों के चरण धोकर किया सम्मान

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत, हेलिकॉप्टर से बरसे फूल; सीएम धामी ने शिवभक्तों के चरण धोकर किया सम्मान

by Sagar Sharma
0 comments

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों का स्वागत इस बार विशेष अंदाज में किया गया। मंगलवार को कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया और उनके चरण धोकर सम्मान प्रकट किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक भी है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इधर, पंचक समाप्त होने के साथ ही हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए कनखल स्थित बैरागी कैंप को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। यह कैंप हर वर्ष डाक कांवड़ियों का प्रमुख पड़ाव माना जाता है, जहां हजारों श्रद्धालु अपने वाहनों के साथ ठहरते हैं।

प्रशासन ने बैरागी कैंप में पार्किंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और निकासी मार्ग भी तय कर दिए गए हैं। अगले पांच दिनों तक इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की भारी चहल-पहल रहने की संभावना है।

कैंप परिसर में पूजा सामग्री, भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की अस्थायी दुकानें भी सजने लगी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि रात के समय भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस ने डाक कांवड़ वाहनों के लिए अलग यातायात योजना तैयार की है। लक्सर-जगजीतपुर मार्ग से आने वाले वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराने के बाद निर्धारित मार्गों से आगे भेजा जाएगा। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है।

Author

You may also like