Sunday, August 9, 2026
Sunday, August 9, 2026
Home देशफरीदाबाद में स्कूल के बाहर शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या, पति बनकर बुलाया और कुछ ही सेकंड में कर दिया हमला

फरीदाबाद में स्कूल के बाहर शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या, पति बनकर बुलाया और कुछ ही सेकंड में कर दिया हमला

by Sagar Sharma
0 comments

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक निजी स्कूल की शिक्षिका की दिनदहाड़े हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार सुबह सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर हुई, जहां एक युवक ने खुद को शिक्षिका के पति के रूप में पहचान बताकर उन्हें मुख्य गेट तक बुलाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पूरा हमला कुछ ही सेकंड में हुआ।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी घटना से पहले करीब पांच मिनट तक स्कूल परिसर के बाहर इंतजार करता रहा। उसने गेट पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी से कहा कि शिक्षिका को बता दें कि उनके पति विक्की मिलने आए हैं। संयोग से शिक्षिका का मोबाइल फोन खराब था, इसलिए उन्हें लगा कि घर से जुड़ा कोई जरूरी काम होगा। इसी विश्वास में वह स्कूल के गेट तक पहुंच गईं।

जैसे ही शिक्षिका बाहर आईं, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया और अपने कपड़ों में छिपाकर रखा चाकू निकालकर कई वार किए। डॉक्टरों के अनुसार, गर्दन, सीने और पेट पर लगी गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी शिक्षिका को कथित रूप से परेशान करता था। कुछ समय पहले उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज कराया गया था। उस समय पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी इसी बात को लेकर रंजिश रखे हुए था।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने घटना से पहले कथित तौर पर शिक्षिका को फोन कर उनके पति को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। वारदात वाले दिन वह बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर अकेले स्कूल पहुंचा था। उस समय सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था, इसलिए उसके चेहरे पर बंधे कपड़े को देखकर किसी को शक नहीं हुआ।

घटना के बाद फरीदाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, वारदात के लगभग दो घंटे के भीतर आरोपी अमित को आलमपुर रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You may also like