रॉयल एनफील्ड ने जुलाई 2026 में बिक्री के मामले में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 1,18,232 मोटरसाइकिलों की बिक्री दर्ज की। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 34 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की इस बढ़त में सबसे बड़ा योगदान भारतीय बाजार का रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात के मोर्चे पर सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली।कंपनी के मुताबिक, जुलाई 2026 में घरेलू बाजार में 1,05,317 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 76,254 यूनिट थी। वहीं, निर्यात बढ़कर 12,915 यूनिट पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी महीने 11,791 यूनिट था। इससे साफ है कि देश में रॉयल एनफील्ड की मोटरसाइकिलों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल से जुलाई के बीच कंपनी ने कुल 4,48,659 मोटरसाइकिलों की बिक्री की है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 3,53,573 यूनिट के मुकाबले 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। इस दौरान घरेलू बिक्री बढ़कर 4,06,491 यूनिट हो गई, जबकि निर्यात 42,168 यूनिट रहा। हालांकि, पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 48,540 यूनिट का निर्यात किया था।बिक्री के आंकड़ों के साथ कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड फ्लाइंग फ्ली (Flying Flea) के विस्तार की भी जानकारी दी। बेंगलुरु के जयनगर में पहला शोरूम शुरू करने के बाद अब कंपनी ने शहर में 10 नए सेल्स और सर्विस टचपॉइंट जोड़े हैं। यह कदम Flying Flea C6 इलेक्ट्रिक मॉडल को लेकर ग्राहकों की बढ़ती रुचि और कंपनी की भविष्य की इलेक्ट्रिक रणनीति का संकेत माना जा रहा है।रॉयल एनफील्ड ने 2026 क्लासिक 350 को भी नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है। बाइक में अब असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ यूएसबी टाइप-सी फास्ट चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जो रोजमर्रा की सवारी को पहले से अधिक सुविधाजनक बनाएंगी।इसके अलावा कंपनी आंध्र प्रदेश में 1,225 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अपने नए ग्रीनफील्ड प्लांट के पहले चरण पर तेजी से काम कर रही है। यह संयंत्र पूरी तरह तैयार होने के बाद हर साल 4.5 लाख मोटरसाइकिलों के अतिरिक्त उत्पादन की क्षमता उपलब्ध कराएगा। कंपनी का लक्ष्य इस परियोजना को वित्त वर्ष 2029-30 तक पूरा करने का है।
रॉयल एनफील्ड की रफ्तार बरकरार, जुलाई में बिक्री 34% बढ़कर 1.18 लाख यूनिट के पार; इलेक्ट्रिक और उत्पादन विस्तार पर भी जोर
8
