Sunday, August 9, 2026
Sunday, August 9, 2026
Home देशदेशभर में बारिश का कहर: केरल में 6 की मौत, कर्नाटक में एक परिवार के 3 लोगों की जान गई; कई राज्यों में अलर्ट

देशभर में बारिश का कहर: केरल में 6 की मौत, कर्नाटक में एक परिवार के 3 लोगों की जान गई; कई राज्यों में अलर्ट

by Sagar Sharma
0 comments

देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। केरल में भारी वर्षा के चलते बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 अन्य लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए 65 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 1,465 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह हुए दर्दनाक भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन, उनकी पत्नी नागवेणी और तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीनों अपने घर में सो रहे थे, तभी पहाड़ी से मलबा आ गिरा।उधर, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छतरू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। तेज बहाव के कारण कई मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा, दो कारें बह गईं और सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। एहतियातन प्रशासन ने किश्तवाड़, डोडा और रामबन जिलों के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है।उत्तराखंड में भी लगातार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं चमोली जिले के गौचर के पास कमेड़ा क्षेत्र में बद्रीनाथ हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा धंस गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर यातायात को वन-वे कर दिया गया है।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम जताई है। विभाग के अनुसार 7 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

You may also like