रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उस समय उग्र हो गया, जब हजारों प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट के पास पहुंच गए। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा गेट तक पहुंचे छात्र
आंदोलनकारी छात्र सुबह करीब 10 बजे ओल्ड विधानसभा के पास जुटे थे। इसके बाद उन्होंने विधानसभा घेराव के लिए मार्च शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने इलाके में कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग के साथ छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा गेट के पास पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस ने छात्रों को पीछे हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो कई बार लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान कुछ छात्रों के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। वहीं, प्रदर्शनकारियों की ओर से भी पुलिस पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंके जाने की जानकारी है।
वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारे लगाते और डांस करते नजर आए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मौके पर राष्ट्रगान भी गाया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। पूरे इलाके में CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।
सीएम हेमंत सोरेन बोले- छात्रों की आवाज अनसुनी नहीं होग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर है। उन्होंने बातचीत और भरोसे के जरिए समस्या का समाधान निकालने पर जोर दिया। उनका कहना है कि छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया X पर छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल में भर्ती
आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की धरनास्थल पर तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। देवेंद्र नाथ महतो समेत छह छात्र पिछले 17 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। वे एंबुलेंस के जरिए विधानसभा घेराव में पहुंचे थे।
JPSC के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार
इधर, JPSC मामले में CID ने पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को गिरफ्तार किया है। 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में छापेमारी के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से CID उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। प्रदर्शनकारी छात्र JPSC-JSSC परीक्षा को रद्द करने समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
