Saturday, September 12, 2026
Saturday, September 12, 2026
Home मनोरंजनरिलीज से पहले चमकी ‘बंटवारा 1947’, सामने आया पहला रिव्यू, फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने की मिली रिकमेंडेशन

रिलीज से पहले चमकी ‘बंटवारा 1947’, सामने आया पहला रिव्यू, फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने की मिली रिकमेंडेशन

by Sagar Sharma
0 comments

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से ठीक एक दिन पहले फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग में निर्माता रमेश तौरानी ने आमिर खान और अली फजल के साथ फिल्म देखी। स्क्रीनिंग के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की और इसे बेहद संवेदनशील, भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली कहानी बताया।

रमेश तौरानी ने फिल्म देखने के बाद दर्शकों से इसे फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘बंटवारा 1947’ इंसानी जज्बे, करुणा, लचीलेपन और मुश्किल परिस्थितियों में मानवता को बनाए रखने की ताकत को सामने लाती है। उनके मुताबिक फिल्म इतिहास के बेहद कठिन दौर की पृष्ठभूमि में मानवीय मूल्यों और संवेदनाओं को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करती है।

मानवता और संवेदनाओं की कहानी

फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर पर आधारित है। कहानी एक ऐसे मुस्लिम व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार सनी देओल निभा रहे हैं। बंटवारे के बाद जब उनका किरदार पाकिस्तान पहुंचता है, तो अपने नए घर में उसे एक बुजुर्ग हिंदू महिला मिलती है। इस महिला का किरदार दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी निभा रही हैं।

विभाजन के दौरान दोनों समुदायों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सनी देओल का किरदार उस बुजुर्ग महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठाता है। फिल्म इसी संघर्ष के जरिए यह सवाल उठाती है कि जब इंसानियत और नफरत आमने-सामने हों, तो एक व्यक्ति किस तरह मानवता का साथ चुन सकता है।

सनी देओल और प्रीति जिंटा की दमदार वापसी

रमेश तौरानी ने फिल्म में सनी देओल के अभिनय की खास तौर पर तारीफ की है। उन्होंने उनके प्रदर्शन को प्रभावशाली और शानदार बताया। वहीं, लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा को भी फिल्म में उनके बेहतरीन अंदाज में देखने की बात कही गई है।

फिल्म में शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। करण देओल पहली बार अपने पिता सनी देओल के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म में करण ने सनी देओल के बेटे का ही किरदार निभाया है।

, अभिमन्यु सिंह फिल्म में खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। उनके प्रदर्शन को भी प्रभावी और डरावना बताया गया है। फिल्म की स्टार कास्ट में खुशी हजारे और कनिका कपूर भी शामिल हैं।

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म

‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का निर्माण अपर्णा पुरोहित और आमिर खान प्रोडक्शंस के सहयोग से किया गया है। रमेश तौरानी ने फिल्म के निर्माताओं को ऐसी संदेशपूर्ण और संवेदनशील कहानी पर्दे पर लाने के लिए बधाई दी है।

फिल्म की कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन को लेकर सामने आई शुरुआती प्रतिक्रिया से निर्माताओं को उम्मीद है कि यह दर्शकों के बीच भावनात्मक प्रभाव पैदा करने में कामयाब होगी।

‘आवारापन 2’ से होगी सीधी टक्कर

14 अगस्त को ‘बंटवारा 1947’ की बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने वाली है। दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग रिलीज से करीब 48 घंटे पहले शुरू हो गई थी।

शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक एडवांस बुकिंग के मामले में फिलहाल ‘आवारापन 2’ आगे चल रही है। गुरुवार दोपहर तक ‘बंटवारा 1947’ के पहले दिन के लिए देशभर में करीब 30 हजार टिकट बिकने की जानकारी सामने आई थी, जिससे लगभग 81 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हुई।

इसके मुकाबले ‘आवारापन 2’ ने एक लाख से ज्यादा टिकट बेचकर करीब 3.25 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की थी। हालांकि, ‘बंटवारा 1947’ को लेकर सामने आई सकारात्मक शुरुआती प्रतिक्रिया और फिल्म के भावनात्मक विषय को देखते हुए बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें बनी हुई हैं।

अब देखना होगा कि सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ रिलीज के बाद दर्शकों की कसौटी पर कितनी खरी उतरती है और क्या मजबूत कहानी व मानवीय संवेदनाएं इसे बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ के मुकाबले मजबूती से खड़ा कर पाती हैं।

Author

You may also like