‘मिर्जापुर’ के फैंस लंबे समय से फिल्म के इंतजार में हैं और अब मेकर्स ने इसका ट्रेलर जारी कर उत्साह और बढ़ा दिया है। करीब तीन मिनट के ट्रेलर में एक बार फिर मिर्जापुर की सत्ता, बाहुबल और बदले की कहानी देखने को मिलती है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं।
सत्ता की जंग में आमने-सामने होंगे दिग्गज
ट्रेलर में कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर दमदार अंदाज में दिखाई देते हैं। दूसरी ओर गुड्डू पंडित का किरदार निभा रहे अली फजल सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं। मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु की मौजूदगी भी ट्रेलर को खास बनाती है।
कहानी में सत्ता की कुर्सी को लेकर खींचतान के साथ नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। रवि किशन भी अहम भूमिका में हैं और उनके किरदार की नजर सत्ता के खेल को बदलने पर है।
एक्शन और दमदार डायलॉग से भरपूर ट्रेलर
ट्रेलर में बंदूकें, मारधाड़ और हिंसा के साथ ‘मिर्जापुर’ वाला पुराना अंदाज बरकरार रखा गया है। कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी का एक्शन अवतार भी देखने को मिलता है।
फिल्म में बबलू पंडित के किरदार में जितेंद्र कुमार नजर आएंगे। सीरीज में यह भूमिका विक्रांत मैसी ने निभाई थी। ट्रेलर के कई डायलॉग सत्ता और बाहुबल की दुनिया को दिखाते हैं और फैंस के बीच चर्चा में हैं।
कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’?
मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी और तेलुगु में रिलीज की जाएगी। इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है।फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म में नजर आएगी बड़ी स्टारकास्ट
फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेन्द्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
