पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के अनुसार, 31 में से 25 राउंड की मतगणना पूरी होने तक प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार से करीब 14,953 वोटों से आगे चल रहे हैं। अब तक उन्हें 50,976 वोट मिले हैं, जबकि नीरज कुमार के खाते में 36,023 वोट आए हैं। आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
पटना के शहरी क्षेत्र में स्थित बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। पूर्व विधायक और बीजेपी नेता नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव कराया गया। ऐसे में प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से यह मुकाबला पूरे राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया।
इस चुनाव में बीजेपी को अंतिम समय में उम्मीदवार बदलना पड़ा था। पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने निजी कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार को मैदान में उतारा। वहीं जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को सीधा और दिलचस्प बना दिया।
उधर, अन्य राज्यों के उपचुनावों के रुझानों पर भी नजर बनी हुई है। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बीजेपी के आशुतोष तिवारी पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव ‘मंडल’ तीसरे स्थान पर हैं।
वहीं गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के सतेंद्रभाई (सतीश) पटेल कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी पर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। 17 राउंड की मतगणना के बाद उन्होंने लगभग 28 हजार वोटों की बढ़त हासिल कर ली है।
गौरतलब है कि बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की इन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है, खासकर बांकीपुर सीट पर, जहां प्रशांत किशोर की बढ़त ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
