प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में करीब 17,900 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया और कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति देने के साथ-साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर भी तैयार करेंगी।अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश आज तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नई परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा क्षेत्र और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगी।भोगपुरम एयरपोर्ट के उद्घाटन पर पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उत्तर आंध्र के विकास का नया द्वार है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट युवाओं के लिए रोजगार, व्यापार और पर्यटन के नए अवसर लेकर आएगा। प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि इस एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी श्री अल्लूरी सीताराम राजू के सम्मान में रखा जाएगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में कई एयरपोर्ट एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन अब सरकार महान विभूतियों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर सार्वजनिक संस्थानों का नामकरण कर रही है। उन्होंने अयोध्या और पंजाब के एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए इस नई परंपरा का उल्लेख किया।अपने भाषण में पीएम मोदी ने ब्लू इकोनॉमी और समुद्री विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक तटीय आर्थिक गलियारे को मजबूत बनाने के लिए बंदरगाहों का आधुनिकीकरण कर रही है। साथ ही मुलापेटा और रामायापट्टनम में नए पोर्ट भी विकसित किए जा रहे हैं।प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर उद्योग को भविष्य की जरूरत बताते हुए कहा कि विशाखापट्टनम में बनने वाला नया सेमीकंडक्टर प्लांट आंध्र प्रदेश को हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम के दौरान 13 हजार से अधिक आदिवासी महिलाओं और बेटियों द्वारा प्रस्तुत धिमसा नृत्य की भी प्रधानमंत्री ने सराहना की। उन्होंने इसे देश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विविधता का प्रतीक बताया। वहीं, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने विकास और सांस्कृतिक विरासत, दोनों को समान महत्व देकर एक नई मिसाल पेश की है।
पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश को दी 17,900 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, भोगपुरम एयरपोर्ट राष्ट्र को किया समर्पित
7
